रेवाड़ी। जिले में पशुचारे के दाम कई गुना बढ़ने के कारण दूध की धार धीमी हो गई है। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में दूध के दाम अब 55 से 60 रुपये प्रति किलोग्राम तक बिक रहे हैं। वहीं, खुले बाजार में पैकेट बंद दूध का भाव 2 रुपये प्रति किलो तक बढ़ चुके हैं। व्यापारी और किसान इसका मुख्य कारण पेट्रोलियम पदार्थों के भाव में आई तेजी, चारे की कमी के कारण दामों में बढ़ोतरी बता रहे हैं। गेहूं से मिलने वाला नया पशुचारा इस बार प्रति एकड़ उपज घटने से कम मिला। इससे पशुचारा का भाव अधिक बोला गया। पिछले साल गेहूं के पशुचारे का भाव प्रति क्विंटल 300 रुपये मन (चालीस किलोग्राम) था, जबकि 700 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंचा, मगर इस बार 30000 प्रति एकड़, जबकि 1300 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गया। गांवों में गेहूं पशुचारे का भाव 450 रुपये मन से 500 रुपये प्रति मन तक पहुंचा। इसका मुख्य कारण माल भाड़ा का बढ़ना बताया जा रहा है।
उधर रेवाड़ी की अनाज मंडी में बिकने के लिए जींद से आने वाले गेहूं के पशुचारे का भाव इस समय 1100 रुपये प्रति क्विंटल जबकि रेवाड़ी आसपास से आए पशुचारे का भाव 1300 रुपये प्रति क्विंटल तक चल रहा है। दीवाली पर्व के बाद से ही पशुचारे के भाव में तेजी आनी शुरू हो गई थी और बाद में यह भाव 1700 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गया था, मगर नया पशुचारा आने के बाद यह भाव लगातार कम हुआ। रेवाड़ी की अनाज मंडी में जींद, राजस्थान, पूरे अहीरवाल क्षेत्र से पशुचारा आता है। किसानों और पशुचारा व्यापारियों के अनुसार गेहूं की विभिन्न किस्मों के अनुसार पशुचारे का भाव तय होता है।
किसान बोले-पशुचारा की कमी से बढ़ रहे दाम
- इस बार गेहूं उपज कम हुई। इससे पशुचारा में कमी आई। इसकी वजह से पशुचारे का भाव बढ़ गया। इससे पशुपालकों ने दूध के दाम बढ़ा दिए।
- ज्ञान सिंह, बालावास जमापुर।
- मौसम खराब होने की वजह से इस बार फसल कम हुई है। किसान गेहूं के भूसे (तूड़ी) को पशुचारे के रूप में प्रयोग करते हैं। चारे की कमी के कारण भाव बढ़े हैं। इसके चलते दूध के दाम भी 5 रुपये प्रतिकिलो बढ़ गए हैं।
- ईश्वर सिंह, खालेटा।
- गेहूं का पशुचारा लेने आया था। दो ट्रॉली खरीदी हैं। 1300 रुपये प्रति क्विंटल के भाव में मिला है। गांव में पहुंच कर इसका किराया अतिरिक्त दिया है। - निरंजन सिंह पशुपालक।
------------------------------
- रेवाड़ी की मंडी में जींद और रेवाड़ी के आस पास के अलावा अन्य जगहों से पशुचारा आता है। चारे का भाव गेहूं की किस्म के अनुसार तय होता है। इस समय जींद से आया पशुचारा 1100 रुपये प्रति क्विंटल और रेवाड़ी व आसपास का पशुचारा 1300 रुपये प्रति क्विंटल बिक रहा है। - जयनारायण