फोटो : 5महाराणा प्रताप चौक के पास खराब सड़क। संवाद
रेवाड़ी। जिले में निकल रहे राष्ट्रीय व राज्य मार्ग के साथ ही शहरी व ग्रामीण क्षेत्र की सड़कों का सुधारीकरण व नवीनीकरण जल्द किया जाएगा। संबंधित निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों को बारिश के दौरान जहां कहीं भी सड़क को नुकसान हुआ है उसे तुरंत ठीक करने के आदेश दिए गए हैं।
डीसी अभिषेक मीणा ने शनिवार को लघु सचिवालय सभागार में संबंधित विभागीय अधिकारियों की बैठक भी ली है। इससे पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा सड़कों के सुधार कार्य बारे जानकारी ली गई। वीडियो कॉन्फ्रेंस में डीसी ने रेवाड़ी जिला की विकासात्मक गतिविधियों से अवगत कराया।
डीसी अभिषेक मीणा ने कहा कि लोक निर्माण विभाग (भवन एवं सड़कें), हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण, मार्केटिंग बोर्ड व शहरी निकाय के अधिकार क्षेत्र में आने वाली सड़कें गड्ढा मुक्त हों और राहगीरों को कोई परेशानी न आए, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
उन्होंने कहा कि सड़कों की स्थिति सही सुनिश्चित हो इसके लिए विभागीय स्तर पर सजगता बरती जाए। सड़कों के सुधारीकरण व नवीनीकरण के दौरान निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर फोकस रखें और सैंपलिंग भी समयानुसार कराई जाए।
उन्होंने कहा कि सड़कों की हालत दुरुस्त रहे इसके लिए नियमित मॉनिटरिंग की जाए और जहां कहीं भी संबंधित सड़कों में सुधार की जरूरत है वहां क्वालिटी का ध्यान रखते हुए कारपेटिंग करवाई जाए।
डीसी अभिषेक मीणा ने बताया कि आमजन को बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर मुहैया कराने के लिए जिला प्रशासन सजग है और पूरी सक्रियता से विकासात्मक प्रोजेक्ट को निर्धारित अवधि में पूरा कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सड़कों के सुंदरीकरण पर भी पूरा ध्यान दिया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां कहीं भी विकास कार्यों में अतिक्रमण मिलता है तो उसे हटाकर विकास कार्य पूरे किए जाएं।