संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। भिवाड़ी (राजस्थान) की पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रेयी की फोन लोकेशन ट्रेस करने मामले में जयपुर रेंज के आईजी अजय पाल लांबा ने एक हेड कांस्टेबल समेत 4 कांस्टेबलों को नोटिस जारी करते हुए बहाल किया है।
मामले में मुख्य आरोपी सब इंस्पेक्टर श्रवण जोशी को निलंबित किया गया है। एसपी ज्येष्ठा मैत्रेयी पहले ही कांस्टेबल भीम सिंह को बहाल कर चुकी हैं। भिवाड़ी एसपी ज्येष्ठा मैत्रेयी के साथ ही कमलेश ज्वेलर्स कांड में बदमाशों के पीछे लगी टीम के पुलिस अधिकारियों की भी लोकेशन ट्रेस की जा रही थी। इससे पहले अलकायदा मॉड्यूल की जांच कर रहे भिवाड़ी थाने के एसएचओ देवेंद्र प्रसाद शर्मा की भी लोकेशन ट्रेस की गई थी। यह पूरा मामला सामने आने के बाद पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था। जयपुर रेंज के आईजी अजय पाल लांबा ने इसकी पूरी जांच तिजारा (राजस्थान) डीएसपी शिवराज सिंह को सौंपी थी। डीएसपी शिवराज सिंह ने जांच पूरी कर रिपोर्ट एसपी के मार्फत आईजी को भिजवाई थी। आईजी ने दोबारा से इस पूरे मामले की अपने स्तर से जांच की और हेड कांस्टेबल अवनेश के अलावा इस मामले में आरोपी बनाए गए कांस्टेबल राहुल, सतीश, दीपक और रोहतास को नोटिस देते हुए बहाल कर दिया है। अब इन सभी पुलिसकर्मियों को आदेश जारी कर पुलिस लाइन में ज्वाइन करवाया जाएगा।