रेवाड़ी। धवाना स्थित माखरिया की ढाणी की बणी में रविवार को चटाई में लिपटे मिले महिला के शव की पहचान हो गई है। महिला उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले की 26 वर्षीय ज्योति है।
मंगलवार को पहुंचे परिजनों ने मोर्चरी में रखे शव की पहचान ज्योति के रूप में की। पिता रामाधार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बेटी की शादी वर्ष 2018 में गांव मंदौला निवासी कंवरपाल के साथ हुई थी। दंपती का एक चार वर्षीय बेटा भी है।
आरोप लगाया कि कंवरपाल बेटी के साथ अक्सर मारपीट करता था और शराब पीने का आदी था। आरोपी ने ज्योति की गला दबाकर हत्या की। पहचान छिपाने के लिए उसके चेहरे को कुचल दिया। इसके बाद शव को चटाई में लपेटकर धवाना क्षेत्र की बणी में फेंक दिया और भाग गया।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। बुधवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिसके बाद मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आएगी।