एक मरीज के तीमारदार से उसका ऑपरेशन कराने के लिए डॉक्टर को बुलाने के नाम पर चार हजार रुपये लेने वाले अस्पताल के ठेकाकर्मी को सोमवार को एसएमओ ने बर्खास्त कर दिया। उल्लेखनीय है कि इस संबंध में अमर उजाला ने सोमवार के अंक में 'बेहोशी का डॉक्टर बुलाने के लिए मांगे चार हजार' शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। इसके बाद अस्पताल प्रबंधन ने ये कार्रवाई की ।
जानकारी के अनुसार प्रागपुरा निवासी सुरेंद्र को पैर में फैक्चर होने पर ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया था। यहां पर डॉक्टर ने उसके पैर में रॉड डालने और ऑपरेशन करने की बात कही। आरोप है कि ऑपरेशन के लिए सभी तैयारियां होने पर वहां मौजूद ठेकाकर्मी सुरेंद्र ने मरीज के भाई मुकेश से बेहोशी का डॉक्टर बुलाने के लिए चार हजार रुपये की मांग की।
मुकेश का आरोप है कि उसने चार हजार रुपये दे दिए लेकिन पैसे देने के बाद भी उसके भाई का ऑपरेशन बिना बेहोश किए कर दिया। उसने इसकी शिकायत शहर के सामाजिक संगठनों से की। इसके बाद सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एसएमओ से मिले। एसएमओ ने सोमवार सुबह ठेकाकर्मी सुरेंद्र को बुलाकर मामले में पूछताछ की तो ठेकाकर्मी ने पैसा लेने की बात कबूल की। उसने बेहोशी के डॉक्टर के कहने पर पैसे मांगने की बात कही। इसके बाद एसएमओ ने मौके पर ही ठेकाकर्मी सुरेंद्र को बर्खास्त कर दिया।
चिकित्सक के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग
घटना को लेकर सामाजिक संगठनों के लोग सोमवार सुबह अस्पताल पहुंचे। इनका आरोप है कि हड्डी रोग विशेषज्ञ ने सुरेंद्र के ऑपरेशन के लिए बाहर से दवाइयां मंगवाईं। साथ ही पैरों पर पड़ने वाली रॉड को भी मेडिकल स्टोर से मंगवाया। उन्होंने मेडिकल स्टोर संचालक और डॉक्टर पर भी मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। इसके लिए सीएमओ बीके राजौरा को ज्ञापन भी दिया। इन्होंने कार्रवाई नहीं करने पर धरने पर बैठने की भी चेतावनी दी।
आनन-फानन में मरीज की छुट्टी
मामला हाईलाइट होने पर डॉक्टर ने आनन-फानन में रविवार को ऑपरेशन के बाद सोमवार को सुरेंद्र को ट्रॉमा सेंटर से डिस्चार्ज कर दिया। इस पर सामाजिक संगठनों के लोगों ने एसएमओ से बात की। इसके बाद सुरेंद्र को पुन: नागरिक अस्पताल में भर्ती किया गया।
कार्रवाई की जाएगी
भ्रष्टाचारियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। मैंने ठेकाकर्मी को बुलाकर पूछा तो उसने पैसे लेने की बात कबूल की। इसके बाद उसे तुरंत प्रभाव से बर्खास्त कर दिया। ठेकाकर्मी ने एक डॉक्टर के कहने पर पैसे लेने की बात कही है। इसकी जांच कर रहे हैं।
-डॉ. सुदर्शन पंवार, एसएमओ, नागरिक अस्पताल