होमगा नया गांव चौक पर अंडे की रेहड़ी संचालक के साथ झगड़ा कर रहे युवकों को समझाने पहुंचे होमगार्ड की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को काबू कर लिया है। आरोपियों की पहचान कालूवास निवासी दीपक व राकेश एवं गुलाबीबाग निवासी विनोद के रूप में हुई है। डीएसपी मोहम्मद जमाल के नेतृत्व में गठित सीआईए रेवाड़ी व शहर थाना की टीम ने संयुक्त कार्रवाई की है। मुख्य जांच अधिकारी डीएसपी मोहम्मद जमाल ने बताया कि 12 अक्तूबर की शाम को नयागांव दौलतपुर निवासी होमगार्ड राजेश हुड्डा बाईपास पर नयागांव चौक पर अपने मामा के लड़के मामन के पास गया था, जो अंडे की रेहड़ी लगाता है। उसी समय वहां दो युवक ट्रैक्टर लेकर आए। अंडे के रेट को लेकर उनके झगड़ा हो गया। होमगार्ड ने बीच बचाव कर दिया। कुछ देर बाद दो गाड़ियों में 10-15 युवक आए तथा होमगार्ड व उसके मामा के लड़के के साथ मारपीट शुरू कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी वहां से भाग गए। 14 अक्तूबर को राजेश के पेट में अधिक दर्द होने के कारण से अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। सोमवार को इस मामले में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़िता को आर्थिक सहायता को लेकर सौंपा ज्ञापन
दूसरी ओर इसी मामले में मंगलवार को मृतक होमगार्ड की पत्नी, दोनों बच्चे, माता-पिता सहित दर्जनों ग्रामीणों ने एडीसी राहुल हुड्डा से मुलाकात कर पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि पुलिस अन्य आरोपियों को बचाने का प्रयास कर रही है।