धारूहेड़ा। धारूहेड़ा कस्बा स्थित फ्लाईओवर पर एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने पीछे से गाड़ी चालक को टक्कर मार दी, जिसमें चालक के सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान राजस्थान के जिले बूंदी के गांव रोनीजा निवासी सोजी लाल बलाई के रूप में हुई है। पुलिस को दी शिकायत में राजस्थान के जिले टौंक के गांव दुनी निवासी प्रेमलाल ने बताया कि उसका साला सोजी लाल गाड़ी चलाता है। बीते दिन वह गाड़ी को लेकर जयपुर से बिलासपुर जा रहा था। जब वह धारूहेड़ा फ्लाईओवर के पास पहुंचा तो उसकी गाड़ी का तेल खत्म हो गया जिसको वह चेक करने लगा तभी पीछे से एक अज्ञात वाहन आकर उसे टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की मदद से घायल को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। धारूहेड़ा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।