बाजार में पूतला फंक कर प्रदर्शन करते लोग। संवाद
रेवाड़ी। बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार के विरोध में शुक्रवार को विभिन्न हिंदू संगठनों और व्यापारिक संगठनों के लोग सड़क पर उतर आए। विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, दुर्गा वाहिनी, मातृशक्ति सहित अन्य हिंदू संगठनों और व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने प्रदर्शन किया। मोती चौक पर बांग्लादेश सरकार का पुतला फूंका।
प्रदर्शन महाराज अग्रसेन चौक से मोती चौक स्थित घंटेश्वर मंदिर तक किया गया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में शहरवासी, व्यापारी और हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां लेकर बांग्लादेश में हिंदुओं की सुरक्षा करने की मांग की और नारेबाजी के माध्यम से अपना विरोध दर्ज कराया।
विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री प्रमेश कुमार ने बताया कि बांग्लादेश में हिंदू समाज के लोगों पर लगातार अत्याचार किया जा रहा है। हाल ही में बांग्लादेश में हिंदू युवक दीपू चंद्र दास की हत्या ने पूरे हिंदू समाज को आहत किया है।
इस घटना को लेकर सभी हिंदुओं में भारी आक्रोश है। उन्होंने भारत सरकार से मांग की है कि बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों का तुरंत संज्ञान लिया जाए और वहां के हिंदुओं की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष राधेश्याम मित्तल ने कहा कि विश्व के किसी भी कोने में हिंदुओं पर अत्याचार बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। यह एक अमानवीय घटना है, जो संपूर्ण हिंदू समाज को स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार को इस मामले में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सख्त रुख अपनाना चाहिए।
रोष प्रदर्शन में शहर के विभिन्न व्यापार मंडलों के प्रधानों ने भी भाग लिया और बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों का पुरजोर विरोध किया। व्यापारियों ने कहा कि मानवाधिकारों का उल्लंघन किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता।