22 अगस्त को धारूहेड़ा से सटे राजस्थान के भिवाड़ी में अलकायदा के पकड़े गए 6 संदिग्धों ने चौपानकी थाने से 700 मीटर दूर सारेकलां में दो कमरे किराये पर लिए थे। जिस बिल्डिंग में पुलिस की कार्रवाई हुई थी, उसमें कुल 105 कमरे हैं।
बिल्डिंग के केयरटेकर के मुताबिक, 2 महीने के लिए 3 हजार रुपये में उन्होंने कमरा किराये पर लिया था। कभी ज्यादा ध्यान नहीं दिया। कमरे भी अक्सर बंद ही देखे। वे एक या दो बार ही यहां आए होंगे। सारेकलां गांव के जंगल के दूसरी तरफ वायुसेना का करीब 5 से 7 किलोमीटर का प्रतिबंधित क्षेत्र है। नीचे 200 मीटर पर अजमेरी गेट पुलिस चौकी है।
जयपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अनिल कुमार टांक का कहना है कि दिल्ली पुलिस की स्पेशल टीम ने वीरवार सुबह चौपानकी थानाक्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 6 लोगों को गिरफ्तार किया था। पूरी कार्रवाई दिल्ली स्पेशल पुलिस (एटीएस) ने की थी, जो उन्हें गिरफ्तार कर सीधा दिल्ली ले गई। सभी दूसरे राज्यों के रहने वाले हैं।
बॉर्डर चुनने का है ये कारण, किराये पर रहने के लिए नहीं होता वेरिफिकेशन
भिवाड़ी, राजस्थान के अलवर जिले का हिस्सा है जो दिल्ली एनसीआर में आता है। इसकी सीमा हरियाणा से लगती है। भिवाड़ी को औद्योगिक दृष्टि से बड़ा इलाका माना जाता है। यहां बड़ी संख्या में बाहरी लोग काम करने के लिए आते हैं। दो राज्यों को मिलने वाला क्षेत्र होने के चलते दूसरे राज्य के लिए यहां आसानी से आ जा सकते हैं।