फोटो : परीक्षा केंद्र में परीक्षा देने के लिए अंदर जाते परीक्षार्थी। संवाद
रेवाड़ी। हरियाणा बोर्ड की 12वीं कक्षा की सैन्य विज्ञान व मनोविज्ञान और 10वीं कक्षा की शारीरिक शिक्षा विषय की परीक्षा शुक्रवार को संपन्न हुई। इसके साथ ही 10वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाएं समाप्त हो गईं।
जिले के 35 परीक्षा केंद्रों में हुई इन परीक्षाओं में करीब 2500 विद्यार्थियों ने भाग लिया। परीक्षा दोपहर साढ़े 12 बजे से साढ़े 3 बजे तक चली। परीक्षार्थियों का प्रवेश 12 बजे से शुरू कर दिया गया था। केंद्रों में प्रवेश से पहले विद्यार्थियों की सघन जांच की गई।
परीक्षा के बाद अधिकतर विद्यार्थियों के चेहरे संतुष्टि से खिले नजर आए। कई छात्रों ने प्रश्नपत्र को आसान बताया जबकि कुछ ने कठिन बताया। नकलविहीन और पारदर्शी परीक्षा के लिए जिला प्रशासन की ओर से कड़े इंतजाम किए गए थे।
54 केंद्र अधीक्षक, 100 डिप्टी अधीक्षक और 730 से अधिक सुपरवाइजरों की ड्यूटी लगाई गई थी। प्रत्येक कक्ष में 24 विद्यार्थियों पर एक सुपरवाइजर की निगरानी रखी गई।
इसके अलावा, परीक्षा केंद्रों के आसपास 200 मीटर के दायरे में धारा-163 लागू रही, जिससे परीक्षा शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो सकी। 24 मार्च को 12वीं कक्षा की हिंदी की परीक्षा दोपहर साढ़े 12 बजे से साढ़े 3 बजे तक होगी।
वर्जन
12वीं कक्षा के सैन्य विज्ञान (मिलिट्री साइंस) और मनोविज्ञान विषय की परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। परीक्षा के दौरान नकल का कोई मामला सामने नहीं आया है।- रतन सिंह, बोर्ड सुपरिटेंडेंट, रेवाड़ी।