रेवाड़ी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की मंगलवार को 12वीं कक्षा की हिंदी की परीक्षा 54 केंद्रों पर शांतिपूर्ण संपन्न हुई। परीक्षा दोपहर साढ़े 12 बजे से साढ़े 3 बजे तक आयोजित की गई। परीक्षार्थियों का प्रवेश दोपहर 12 बजे से शुरू हो गया था। करीब 7 हजार विद्यार्थियों ने हिंदी की परीक्षा दी।
परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पहले सभी विद्यार्थियों की सघन जांच की गई और जांच के बाद ही उन्हें अंदर जाने दिया गया। नकल रोकने के लिए जिला प्रशासन की ओर से सख्त इंतजाम किए गए थे।
केंद्रों के बाहर भीड़ एकत्र न हो, इसके लिए पुलिस प्रशासन लगातार गश्त करता रहा और आसपास लोगों को रुकने नहीं दिया गया। साथ ही परीक्षा केंद्रों के पास स्थित फोटोस्टेट की दुकानों को भी बंद रखा गया, ताकि किसी भी प्रकार की नकल की संभावना न रहे।
प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों के आसपास 200 मीटर के दायरे में धारा 163 लागू कर रखी थी। फिलहाल परीक्षा शांतिपूर्ण रही और नकल का कोई मामला सामने नहीं आया है। परीक्षा समाप्त होने के बाद अधिकांश विद्यार्थियों के चेहरे खिले नजर आए।
कई विद्यार्थियों ने प्रश्न पत्र को पाठ्यक्रम आधारित और संतुलित बताया, जबकि कुछ ने इसे अपेक्षाकृत लंबा और थोड़ा कठिन माना। विद्यार्थियों का कहना था कि पेपर का स्तर मध्यम था लेकिन बड़े प्रश्नों को हल करने में समय अधिक लगा।
-इस बार हिंदी का प्रश्नपत्र अपेक्षाकृत कठिन था। विशेष रूप से व्याकरण का भाग चुनौतीपूर्ण लगा। बड़े प्रश्नों को हल करने में अधिक समय लग गया। परीक्षा में व्याकरण से अधिक प्रश्न पूछे जाने के कारण कई विद्यार्थियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।-चेतन, छात्र, 12वीं,
-
-परीक्षा ठीक हुई। सभी प्रश्न सिलेबस से ही आए थे। व्याकरण के प्रश्न कठिन थे जिससे कुछ परेशानी हुई। अन्य सवालों को आसानी से हल किया। हिंदी में अच्छे अंक मिलने की उम्मीद है।-नवीन, छात्र,12वीं।
वर्जन :
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 12वीं कक्षा की हिंदी विषय की परीक्षा मंगलवार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। नकल का कोई मामला सामने नहीं आया है।-रतन सिंह, बोर्ड अधीक्षक, रेवाड़ी।