रेवाड़ी। आजादी अमृत महोत्सव की शृंखला में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान जन जागरूकता मुहिम के साथ प्रभावी ढंग से चल रहा है। इसके तहत सोमवार को ऐतिहासिक स्थलों की शृंखला में शहर के तेज सरोवर पर सांस्कृतिक मंच सजा। आयोजित कार्यक्रम में मुख्यातिथि एडीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। इस अभियान के माध्यम से हमारा तिरंगे के साथ रिश्ता और मजबूत होगा और लोगों में देशभक्ति की भावना भी बढ़ेगी।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ एडीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल ने एसडीएम सिद्धार्थ दहिया, डीआईपीआरओ दिनेश कुमार व ईओ नगर परिषद अभे सिंह यादव की गरिमामयी उपस्थिति में किया। इससे पहले एडीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल व एसडीएम सिद्धार्थ दहिया ने अन्य अधिकारियों के साथ तेज सरोवर परिसर में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर वीर योद्धाओं के त्याग व बलिदान के गौरव को सलाम किया। वरिष्ठ साहित्यकार सत्यवीर नाहड़िया ने सूत्रधार की भूमिका निभाते हुए रेवाड़ी जिला के ऐतिहासिक स्थलों के बारे में युवाओं को अवगत कराया। साथ ही ऐतिहासिक तथ्यों से संबंधित प्रश्रोतरी करते हुए युवाओं को ज्ञानवर्धक जानकारी दी गई।
एडीसी ने आमजन से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने की अपील करते हुए कहा कि आजादी के 75वीं वर्षगांठ को विशेष बनाने के लिए केंद्र सरकार द्वारा आजादी का अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है और महोत्सव में हर घर तिरंगा अभियान को शामिल करते हुए 13 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा फहराने के लिए लोगों मतें अपार उत्साह है। एडीसी ने कहा कि भारत मां को वीरों की जननी कहा जाता है। इस धरती पर कई ऐसे वीर सपूत हुए हैं, जिन्होंने अपने जीवन की परवाह न करते हुए इस देश को आजाद कराने के लिए अपना जीवन तक बलिदान कर दिया। उन्होंने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस देश की आजादी के लिए अंतिम सांस तक लड़े। इस तरह से लड़े कि भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में वे अमर हो गए।
ऐतिहासिक स्थल तेज सरोवर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में वयोवृद्ध शिक्षाविद भगवती देवी ने जिला प्रशासन व सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग की ओर से चलाई जा रही जन जागरूकता मुहिम की सराहना करते हुए संबंधित अधिकारियों को तिरंगा भेंट कर युवा शक्ति को हर घर तिरंगा फहराने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रप्रेम की भावना के साथ प्रशासन उल्लेखनीय भूमिका निभा रहा है और प्रभावी ढंग से किए जा रहे प्रचार प्रसार के साथ ही हर वर्ग को आगे बढ़ते हुए आगामी 13 से 15 अगस्त तक अपने घरां की छतों पर तिरंगा फहराना है।
डीआईपीआरओ दिनेश कुमार ने बताया कि आजादी अमृत महोत्सव के तहत सरकार की ओर से स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ पर 13 से 15 अगस्त तक मनाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग, कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग हरियाणा व जिला प्रशासन की ओर से महानिदेशक डॉ. अमित कुमार अग्रवाल व डीसी अशोक कुमार गर्ग के मार्गदर्शन में मंगलवार, 9 अगस्त को प्रात: 10:30 बजे राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रेवाड़ी के साथ ही उपमंडल कोसली स्थित गांव लूखी, जहां सबसे अधिक स्वतंत्रता सेनानी रहे हैं। गांव स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में व ऐतिहासिक भवन राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बावल में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का मंच सजेगा। डीआईपीआरओ ने बताया कि कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग से कला एवं सांस्कृतिक अधिकारी मूर्तिकला हृदय कौशल द्वारा भरपूर सहयोग दिया जा रहा है और उनकी देखरेख में सांस्कृतिक टीम जिला में पहुंची हैं। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में एआईपीआरओ सुरेश कुमार गुप्ता, रावमावि रेवाड़ी के प्राचार्य ताराचंद सहित विद्यालय के शिक्षक, विद्यार्थी व शहरवासी उपस्थित रहे।