रेवाड़ी। जिले में 6 सितंबर को आयोजित होने वाली राज्यस्तरीय हाॅफ मैराथन के माध्यम से नशामुक्त हरियाणा का संदेश दिया जाएगा। डीसी अभिषेक मीणा ने हाॅफ मैराथन के लिए अधिक से अधिक लोगों से पंजीकरण कराने की अपील की है।
डीसी अभिषेक मीणा ने युवाओं का आह्वान किया कि वे बढ़-चढ़कर मैराथन में भाग लें और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के साथ-साथ समाज को नशे जैसी बुराई से दूर रहने का संदेश दें। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी से नशे के विरुद्ध जागरूकता का संदेश मजबूती से समाज तक पहुंचेगा।
स्वस्थ शरीर और सकारात्मक सोच ही मजबूत समाज की नींव है। इसलिए प्रत्येक नागरिक को नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं जागरूक समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। मैराथन में भाग लेने के लिए प्रतिभागी अपना पंजीकरण जरूर करवाएं।
उन्होंने बताया कि मैराथन के लिए ऑनलाइन पंजीकरण किया जा सकता है। प्रशासन की ओर से जारी क्यूआर कोड के माध्यम से अपना नाम, माता या पिता का नाम, आयु, राज्य, जिला और मोबाइल नंबर दर्ज कर पंजीकरण किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त क्यूआर कोड को स्कैन करके भी मैराथन के लिए आसानी से पंजीकरण किया जा सकते है।