रेवाड़ी। व्यवसायिक कोर्स के प्रति विद्यार्थियों की रुचि बढ़ाने के लिए सीबीएसई बोर्ड शिक्षकों को प्रशिशिक्षत करेगा। इसके लिए शिक्षकों के बीच इंटरेक्टिव सेशन कराने की तैयारी है। प्रशिक्षण लेकर शिक्षक विद्यार्थियों का कौशल निखारेंगे।
जिन स्कूलों में नौंवी से 12वीं तक के विद्यार्थियों को स्किल सब्जेक्ट (व्यावसायिक कोर्स) की पढ़ाई कराई जा रही है। वहां विद्यार्थी कौशल संबंधी विषय में कम रुचि ले रहे हैं। बोर्ड की ओर से कौशल 0शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए कई प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में अब बोर्ड ने शिक्षकों के बीच इंटरेक्टिव सेशन कराने का फैसला लिया है। इसके लिए बोर्ड ने सीबीएसई से मान्यता प्राप्त स्कूलों के लिए शेड्यूल जारी किया है। कई सत्रों में विभिन्न स्कूलों में यह कार्यक्रम किया जाना है। इसमें स्किल सब्जेक्ट को पढ़ाने वाले शिक्षक भाग लेंगे। इन कक्षाओं के विद्यार्थियों को इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी, ऑटोमोटिव स्टडी, इंट्रोडक्शन टू टूरिज्म, एग्रीकल्चर, मार्केटिंग एंड सेल्स, फूड प्रोडक्शन आदि स्किल कोर्स कराए जाते हैं।
कौशल मॉड्यूल में औद्योगिक क्षेत्र के विशेषज्ञ किए जाएंगे शामिल:
कौशल मॉड्यूल में विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों के विशेषज्ञों को शामिल किया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों को विभिन्न पेशेवर क्षेत्रों में गहराई तक समझने का मौका मिले। बोर्ड की पहल विद्यार्थियों को केवल अकादमिक के साथ व्यावसायिक, तकनीकी कौशल भी प्रदान करने में मददगार होगी। बोर्ड के इस प्रयास से वे अपने कॅरिअर में सफल हो सकेंगे। विद्यार्थियों को भी इसका लाभ मिलेगा। उनको नए आइडिया बताने में शिक्षकों को आसानी रहेगी। इसका लाभ विद्यार्थियों निकट भविष्य में भी मिल सकेगा। सीबीएसई की ओर से अभी तक विभिन्न कक्षाओं के लिए 116 स्किल कोर्स संचालित किए जा रहे हैं, लेकिन विद्यार्थियों में इन कोर्स को लेकर रुचि कम है। स्किल एजुकेशन को प्रमोट करने के लिए बोर्ड ने विभिन्न संस्थानों के साथ समझौता भी किया है।
प्रशिक्षण में होगा यह लाभ
प्रशिक्षण में कौशल मॉड्यूल तैयार करना, विभिन्न स्तरों पर स्किल एजुकेशन के विषय का शैक्षिक सामग्री तैयार करना शामिल है। विद्यार्थियों के लिए कंपटीशन कराने, प्रोग्रामिंग हैकथॉन का आयोजन करने को लेकर शिक्षकों को प्रशिक्षित किया जाएगा। बोर्ड ने अटल इनोवेशन मिशन, इंटरनेशनल बिजनेस मशीन कॉर्पोरेशन (आईबीएम), इंटेल, माइक्रोसॉफ्ट, होम फर्निशिंग सेक्टर कौशल परिषद, ऑटोमोटिव सेक्टर कौशल परिषद, स्पोर्ट्स, फिजिकल एजुकेशन-फिटनेस लॉजिस्टिक्स सेक्टर कौशल परिषद के साथ करार किया है। इस समझौते से विद्यार्थियों को विविध प्रकार की विशेषज्ञता प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
वर्जन
जिन स्कूलों में 9 से 12 तक विद्यार्थियों को स्किल सब्जेक्ट की पढ़ाई कराई जा रही है। उनमें रुचि बढ़ाने के लिए प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें शिक्षकों को नवाचार आइडिया दिए जाएंगे। प्रशिक्षण कई जगह शुरू भी हो चुकी है।
विक्रम, सीबीएसई कोऑर्डिनेटर रेवाड़ी।