रेवाड़ी। जिले में शनिवार को दोपहर बाद अचानक मौसम बदल गया और 40 मिनट तक बारिश हुई। मूसलधार बारिश से सड़कों पर जलभराव हो गया जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी हुई।
दोपहर तक धूप थी जिससे लोग गर्मी से परेशान रहे। करीब 4 बजे के बाद करीब 40 मिनट तक बारिश हुई। इस दौरान शहर में जगह-जगह जलभराव होने से स्कूल जाने वाले विद्यार्थियों और नौकरीपेशा लोगों को काफी परेशानी हुई। शहर के सभी इलाकों में जलभराव हुआ। डीसी-एसपी आवास की ओर जाने वाले मार्ग पर जलभराव के चलते लोगों को पैदल गुजरने में दिक्कत हुई। शहर के नाई वाली चौक के पास भी जलभराव होने की वजह से वाहन चालक काफी परेशान रहे।
शहर के बाजारों में भी जलभराव देखने को मिला। अनाज मंडी के आसपास का क्षेत्र पूरी तरह से जलमग्न हो गया। रेलवे अंडरपास तो पूरी तरह से ब्लॉक हो गया। इस दौरान सर्कुलर रोड, नाई वाली चौक, भाड़ावास मार्ग, शहर के विभिन्न बाजार, बस अड्डा, पुराना हाउसिंग बोर्ड, ब्रास मार्केट, माडल टाउन, रेलवे अंडरपास, पुराना कार्ट रोड, विभिन्न सेक्टर्स, सब्जी मंडी, कुतुबपुर, गुलाबी बाग एरिया सबसे अधिक प्रभावित रहा।
मौजूदा समय में शहर के नालों की सफाई भी उचित तरीके से नहीं हो पाई है, जिससे बरसाती पानी जमा हो जाता है। नालों की सफाई अधूरी होने की वजह से जगह-जगह जलभराव देखने को मिल रहा है। नगर परिषद की तैयारी भी बिल्कुल देखने को नहीं मिल रही है।
शनिवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम विभाग ने बताया है कि आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट दर्ज होगी। साथ ही बरसात की संभावना भी बनी रहेगी, यह स्थिति कई दिनों तक देखने को मिलेगी, जिससे लोगों को गर्मी से भी काफी हद तक राहत मिलेगी।