खोल। राजकीय महिला महाविद्यालय पाली में आयोजित 12वीं वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता में गुंजन बेस्ट एथलीट बनीं जबकि लॉन्ग जंप में मनीषा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता का शुभारंभ प्राचार्य डॉ. करण सिंह यादव ने किया। उन्होंने छात्राओं को खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। साथ ही खेल भावना बनाए रखने की शपथ दिलाई।
प्रतियोगिता में छात्राओं ने विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। 100 मीटर दौड़ में बीए ऑनर्स की गुंजन ने प्रथम, बीकॉम की एकता ने द्वितीय और बीए की संजना ने तृतीय स्थान हासिल किया।
200 मीटर दौड़ में गुंजन प्रथम, बीकॉम की कीर्ति द्वितीय और बीए की मुस्कान तृतीय रहीं। शॉट पुट में गुंजन ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि बीए की दीपु द्वितीय और बीए की आशु तृतीय रहीं।
लॉन्ग जंप में बीए की मनीषा प्रथम, बीए की संजना द्वितीय और बीए ऑनर्स की अंजलि तृतीय स्थान पर रहीं। शानदार प्रदर्शन के आधार पर बीए ऑनर्स प्रथम वर्ष की गुंजन को वर्ष की बेस्ट एथलीट चुना गया।
प्रतियोगिता के समापन समारोह में अध्यक्ष डॉ. आनंद राज शर्मा मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए ही महत्वपूर्ण नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से व्यक्ति का मानसिक और चारित्रिक विकास भी होता है।
खेलों से अनुशासन, नियमों का पालन और एकाग्रता जैसी आदतों का विकास होता है। उन्होंने छात्राओं को शिक्षा के साथ खेलों में भी निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का मंच संचालन हवा सिंह और डॉ. योगिता यादव ने किया। अंत में प्राचार्य, खेल प्रभारी एवं महाविद्यालय के स्टाफ सदस्यों ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिह्न भेंट किया। खेल प्रभारी ने वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता की रिपोर्ट प्रस्तुत की।
मुख्य अतिथि ने 12वीं वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता के समापन की विधिवत घोषणा की। सहायक प्राध्यापक आकाश यादव ने आयोजन में सहयोग देने के लिए महाविद्यालय के सभी सदस्यों का आभार जताया।