मंदिर में चोरी का जारी हुआ सीसीटीवी फुटेज। स्रोत : वीडियो ग्रैब
- फोटो : गांव में जांच करते अधिकारी।
कोसली। गांव लिलोढ़ में उस समय सनसनी फैल गई जब शिव मंदिर और बाबा भईया स्थल से दिन दहाड़े गल्ला चोरी होने की घटना सामने आई। सायं करीब साढ़े चार से पांच बजे के बीच हुई इस चोरी की जानकारी मंदिर के पुजारी विष्णु शर्मा ने ग्रामीणों को दी जिसके बाद पूरे गांव में आक्रोश फैल गया।
पुजारी विष्णु शर्मा ने बताया कि घटना के समय गांव में बारिश हो रही थी और उसी दौरान मंदिर का दान पात्र (गल्ला) चोरी हो गया। बाद में ग्रामीणों और मंदिर कमेटी के सदस्यों ने बाबा भईया स्थल की भी जांच की तो वहां भी दान पात्र नहीं मिला।
मंदिर कमेटी के प्रधान अजीत, हरिओम और अभय सिंह ने बताया कि दोनों धार्मिक स्थलों से गल्ला चोरी हो जाना गंभीर मामला है। उन्होंने कहा कि मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में एक अज्ञात युवक की तस्वीरें कैद हुई हैं जो चोरी करते हुए दिखाई दे रहा है।
ग्रामीणों ने तुरंत मामले की शिकायत नाहड़ पुलिस चौकी में दी जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और सबूत जुटाने की प्रक्रिया शुरू की।
नाहड़ चौकी प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि गांव लिलोढ़ से शिव मंदिर और बाबा भईया स्थल पर दान पात्र चोरी की शिकायत मिली है। पीड़ितों के अनुसार गल्लों में हजारों रुपये की धनराशि थी। सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध युवक दिखाई दे रहा है जिसकी पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
धार्मिक स्थलों पर चोरी से लोगों में रोष
एक ही दिन दो धार्मिक स्थलों पर हुई चोरी से ग्रामीणों में रोष है। लोगों का कहना है कि मंदिरों में रखे गल्ले श्रद्धालुओं की आस्था का प्रतीक होते हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से गांव में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा इंतजामों को मजबूत करने की मांग की है ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाएं दोबारा न हों।