मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी युवाओं का हौसला बढ़ाते। स्रोत : प्रशासन
रेवाड़ी। राव तुलाराम स्टेडियम में रविवार की सुबह हाफ मैराथन को हरी झंडी दिखाने से पहले मुख्यातिथि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि नशे के खिलाफ कार्रवाई, जागरूकता, उपचार और पुनर्वास पर सरकार का पूरा फोकस है। 12 वर्षों में सरकार ने इस समस्या को राजनीतिक चश्मे से नहीं, बल्कि हरियाणा के युवाओं के भविष्य से जोड़कर देखा है।
उन्होंने कहा कि नशा तस्करों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के लिए स्पेशल टास्क फोर्स गठित की गई है और हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की स्थापना की गई है। रेवाड़ी जैसी राष्ट्रभक्ति की धरती पर नशे जैसी सामाजिक बुराई के लिए कोई स्थान नहीं हो सकता। यहां सीएम खुद भी कुछ दूर ट्रैक पर दौड़े। धावकों में जोश भरने के लिए सैंड आर्ट और प्रदर्शनी ने नशामुक्त हरियाणा का संदेश दिया गया।
उन्होंने कहा कि नशे की समस्या पर पहले गंभीरता से ध्यान नहीं दिया गया। सरकार नशा मुक्त हरियाणा के संकल्प के साथ एक्शन प्लान-2029 पर आगे बढ़ रही है। पीड़ितों के पुनर्वास के लिए 160 नशा मुक्ति केंद्र खोले गए हैं।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशा मुक्त युवा, नशा मुक्त हरियाणा अभियान से जुड़ें। रेवाड़ी से उठा संकल्प पूरे प्रदेश में गूंजना चाहिए न नशा करेंगे, न नशा बिकने देंगे। हर युवा 10 युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की जिम्मेदारी ले, तो यह संकल्प शीघ्र जनआंदोलन बन सकता है।
नशे से जंग, रेवाड़ी के संग थीम पर आयोजित मैराथन में विधायक लक्ष्मण यादव, डॉ. कृष्ण कुमार, अनिल यादव, रणधीर पनिहार और पैरा एथलेटिक्स स्वर्ण पदक विजेता शर्मिला धनखड़ समेत अन्य लोग मौजूद रहे।