घरेलू उपयोग का सामान शगुन के रूप में भेंट करते संस्था के पदाधिकारी। स्रोत : संस्था
रेवाड़ी। रसगण गांव में एक गरीब परिवार की खुशी उस समय दोगुनी हो गई जब एक सामाजिक संस्था ने दो बेटियों के विवाह के लिए घरेलू उपयोग का सामान शगुन के रूप में भेंट किया। यह परिवार राजेश राघव का है।
राजेश और पत्नी दोनों ही दिव्यांग हैं और पांच बेटियों का पालन-पोषण कर रहे हैं। इनमें से एक बेटी का विवाह पहले ही हो चुका है जबकि दो बेटियों का विवाह 12 मार्च को है। शनिवार को जैसे ही घरेलू सामान से भरी गाड़ी उनके घर पहुंची तो परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। यह सहयोग सामाजिक संस्था सर्वा स्किल फाउंडेशन ट्रस्ट की ओर से किया गया है।
राजेश राघव ने अपनी बेटियों के विवाह की जानकारी डूंगरवास गांव के समाजसेवी एवं बाबा रूपदास मंदिर कमेटी के सचिव मास्टर सुरेंद्र सिंह को दी थी। मास्टर सुरेंद्र सिंह ने परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए ट्रस्ट की सेवा के बारे में बताया और दोनों को ट्रस्ट के कार्यालय ले गए। वहां उन्होंने ट्रस्ट के अध्यक्ष तरुण शर्मा को राजेश के पारिवारिक हालात और बेटियों के विवाह के बारे में जानकारी दी। इसके बाद आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर ट्रस्ट ने सहयोग का आश्वासन दिया, जिसे शनिवार को पूरा कर दिया गया।
अध्यक्ष तरुण शर्मा ने बताया कि संस्था का उद्देश्य समाज के कमजोर वर्गों की मदद करना और जरूरतमंद परिवारों को सहयोग प्रदान करना है। इसी कड़ी में राजेश राघव की बेटियों के विवाह के लिए घरेलू उपयोग की आवश्यक वस्तुएं भेंट की गई हैं, ताकि नवविवाहित जोड़े अपने नए जीवन की शुरुआत आसानी से कर सकें।