रेवाड़ी। जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह रेवाड़ी के राव तुलाराम स्टेडियम में देशभक्ति व हर्षोल्लास के साथ 15 अगस्त को मनाया जाएगा। उपायुक्त यशेंद्र सिंह ने बताया कि इसमें विभिन्न प्रकार के सांस्कृतिक एवं देशभक्ति के कार्यक्रम आयोजित होंगे।
इसके अलावा सूर्य नमस्कार, योग, पीटी एवं डंबल शो की प्रस्तुति देखने लायक होगी। इसके लिए 10 व 12 अगस्त को सभी कार्यक्रमों की रिहर्सल और 13 अगस्त को फुल ड्रेस रिहर्सल राव तुलाराम स्टेडियम में आयोजित की जाएगी। स्वतंत्रता दिवस समारोह में आने वाले दर्शकों को विभिन्न प्रदेशों की सांस्कृतिक विरासत की भव्य झलक देखने को मिलेगी। समारोह में देशभक्ति गीत एवं नृत्य, राजस्थानी नृत्य, गुजराती डांडिया नृत्य, हरियाणवी नृत्य दर्शकों को विभिन्न प्रदेशों की सांस्कृतिक विरासत से रूबरू कराएंगे।
परेड और मार्च पास्ट का होगा आयोजन
स्वतंत्रता दिवस समारोह में विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों द्वारा एनसीसी परेड, गर्ल्स गाइड, प्रजातंत्र के प्रहरी टुकड़ी द्वारा परेड व मार्चपास्ट का प्रदर्शन किया जाएगा। स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य रूप देने के लिए समारोह स्थल पर रंगोली भी बनाई जाएगी।