रेवाड़ी। गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर फुल ड्रेस रिहर्सल शुक्रवार को किया जाएगा। राव तुलाराम स्टेडियम में विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेने वाले प्रतिभागियों ने शुक्रवार को रिहर्सल किया। इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी कपिल पूनिया ने समारोह को बेहतरीन बनाने के लिए सभी स्कूल अध्यापकों को दिशा-निर्देश दिए।
इस बार 26 जनवरी को राव तुलाराम स्टेडियम में गणतंत्र दिवस पर राज्य स्तरीय समारोह आयोजित किया जाएगा। इस बार हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बतौर मुख्य अतिथि ध्वजारोहण कर परेड की सलामी लेंगे। समारोह को लेकर पिछले कई दिनों से स्टेडियम में रिहर्सल जारी है। गणतंत्र दिवस समारोह में जिला के विभिन्न स्कूलों के बच्चे भाग ले रहे हैं, जोकि स्काउट, पीटी, परेड, एनसीसी सहित समारोह में होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देंगे। शुक्रवार को फुल ड्रेस रिहर्सल का आयोजन किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार समारोह को हर्षोल्लास के साथ मनाने के लिए तैयारी पूरी कर ली गई है।