रेवाड़ी। क्षेत्र के यात्रियों को दिल्ली तक सीधी यात्रा के लिए एक और विकल्प मिलने जा रहा है। 17 मई से दिल्ली और सातरोड़ के बीच चलने वाली सवारी गाड़ी संख्या 54085/54086 का विस्तार कर दिया गया है, अब ये ट्रेन कोसली, चरखी दादरी, भिवानी होते हुए सातरोड तक जाएगी।
गाड़ी संख्या 54085 पुरानी दिल्ली से सुबह 7:10 बजे रवाना होकर रेवाड़ी 9:30 बजे पहुंचेगी। यहां से यह ट्रेन 10:10 बजे चलकर जाटूसाना, कोसली (10:42 बजे), झाड़ली, चरखी दादरी, भिवानी, बवानी खेड़ा, हांसी होते हुए दोपहर 1:15 बजे सातरोड़ पहुंचेगी।
वापसी में यह ट्रेन संख्या 54086 बनकर सातरोड़ से दोपहर 2:10 बजे रवाना होगी और कोसली 4:01 बजे पहुंचेगी। रेवाड़ी 5:20 बजे पहुंचने के बाद यह 6:05 बजे दिल्ली के लिए रवाना होगी और रात्रि 9:10 बजे पुरानी दिल्ली पहुंचेगी। कोसली स्टेशन अधीक्षक महेंद्र सिंह मीणा ने बताया कि इस ट्रेन में साधारण किराया लागू रहेगा और यह प्रतिदिन चलेगी। इससे कोसली क्षेत्र के लोगों को दिल्ली और हरियाणा के विभिन्न शहरों तक आसान सेवा का लाभ मिलेगा।
ये रहेगा रूट
सराय रोहिल्ला, पटेल नगर, दिल्ली कैंट, पालम, शाहबाद मोहम्मदपुर, बिजवासन, गुरुग्राम, बसई धनकोट, गढ़ी हरसरू जंक्शन, पाटली, ताज नगर, जटोला जौड़ी सांपका, पटौदी रोड, इंछापुरी, खलीलपुर, कुंभावास मुंढलिया डाबड़ी व रेवाड़ी तक आती थी, जो अब विस्तार होने के बाद रेवाड़ी से जाटूसाना, कोसली, झाड़ली, चरखी दादरी, भिवानी, बवानीखेड़ा, हांसी होते हुए सातरोड तक संचालित की जाएगी और इसी रूट पर वापसी भी करेंगी।