साइबर ठगों ने इस बार एक रिटायर्ड सैनिक को शिकार बनाया। फोन करने वाले ने 18 लाख रुपये के इनाम निकलने का झांसा देकर पीड़ित से पांच लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में रोलियावास निवासी कैप्टन धर्मपाल ने बताया कि उसने मैक्स इंश्योरेंस की पॉलिसी ली हुई है। मार्च माह में उसके पास एक फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को मनोज कुमार बताते हुए उसकी पॉलिसी से संबंधित सारी जानकारी दी और बताया कि उनकी पॉलिसी पर अतिरिक्त ऑफर आया है, जिससे उन्हें 18 लाख रुपये का फायदा हो सकता है। शातिर ठग ने इसके लिए उसे खाते से करीब पौने सात लाख रुपए ट्रांसफर करने के लिए कहा। धर्मपाल उसकी बातों में आ गया और फिर शातिर मनोज व उसके साथी रवि कुमार, जेडी पाठक तथा जेपी अग्रवाल ने कई बार उससे 7 लाख रुपये अपने एचडीएफसी खाते में ट्रांसफर कराते रहे। बीच में आरोपियों ने उसके खाते में डेढ़ लाख रुपये की नकदी लालच के लिए ट्रांसफर भी की। इसके बाद आरोपियों ने उससे कोई संपर्क नहीं किया। जिसके बाद उसे ठगी का आभास हुआ। पुलिस ने उसकी शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।