रेवाड़ी। बावल रोड पर गांव भवाड़ी के पास बाइक पर सवार होकर आए चार युवकों ने पिस्तौल के बल पर एक कार चालक से मारपीट कर नकदी व एटीएम कार्ड लूट लिए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में सुमित कुमार ने कहा है कि वह मंगलवार की शाम को कार में अपनी बहन को ससुराल छोड़ने के लिए गए था। रात को वापस लौटते समय बावल रोड पर गांव भवाड़ी के निकट चार युवकों ने अपनी बाइक आगे लगा कर कार को रोक लिया। दो युवकों ने हेलमेट पहना हुआ था तथा दो ने मुंह पर कपड़ा बांधा हुआ था। युवकों ने पिस्तौल दिखाते हुए जबरदस्ती कार का का सीसा खुलवाया तथा जेब से तीन हजार रुपये व एटीएम कार्ड छीन लिया। विरोध करने पर युवकों ने उनके साथ मारपीट भी की, जिससे वह घायल हो गया। बदमाशों के जाने के बाद सुमित ने वारदात की जानकारी अपने चचेरे भाई सन्नी को दी। परिजनों ने उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना के बाद माडल टाउन थाना पुलिस भी अस्पताल पहुंच गई। पुलिस ने सुमित के बयान दर्ज कर अज्ञात युवकों के खिलाफ लूट व आर्म्स एक्ट का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।