मंडी अटेली। हाईवे-11 पर अटेली के पास शनिवार देर रात हुए सड़क हादसे में फॉर्च्यूनर सवार क्रेशर संचालक अखिल यादव (34) की मौत हो गई। वह रेवाड़ी के रहने वाले थे। आस्था वाटर पार्क के पास उनकी फॉर्च्यूनर अनियंत्रित होकर आगे चल रहे डंपर में जा घुसी। टक्कर इतनी तेज थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और अखिल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
अखिल नारनौल के गांव धोलेड़ा में श्री श्याम क्रेशर के नाम से क्रेशर चलाते थे। शनिवार देर रात वह अपनी फॉर्च्यूनर से रेवाड़ी से नारनौल की ओर आ रहे थे। तभी अटेली के नजदीक यह हादसा हो गया।
पुलिस प्रवक्ता नरेश कुमार ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव को गाड़ी से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल नारनौल भेजा गया। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया और रेवाड़ी में अखिल का अंतिम संस्कार किया गया।
अखिल अपने पीछे दो बेटे छोड़ गए हैं। बताया जा रहा है कि करीब छह साल पहले उनके भाई की भी सड़क हादसे में मौत हो चुकी है। अब अखिल की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
अटेली के थाना प्रभारी सजन सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है और पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।