हरियाणा के रेवाड़ी में दादा की अस्थियां गंगा में बहाकर हरिद्वार से जयपुर के सामोद गांव लौट रहे परिवार की क्रूजर की दिल्ली-जयपुर हाईवे पर ओढ़ी कट के पास खड़े ट्रक से टक्कर हो गई। इसमें एक ही परिवार के महिला व 15 वर्षीय किशोर सहित पांच लोगों की मौत हो गई जबकि 12 लोग घायल हो गए। घटना सुबह करीब चार बजे की है।
दुर्घटना होते ही ट्रक और क्रूजर का ड्राइवर फरार हो गए। घायलों का इलाज बावल के निजी व सरकारी अस्पताल में चल रहा है। मृतकों का पोस्टमार्टम करवा दिया है। सूचना पाते ही मौके पर एसडीएम संजीव कुमार व डीएसपी राजेश लोहान मौके पर पहुंच गए थे।
बताया जाता है कि राजस्थान में जयपुर के सामोद गांव का एक परिवार सोमवार को हरिद्वार में अपने दादा की अस्थि विसर्जन के लिए गया था। क्रूजर गाड़ी में परिवार और रिश्तेदारों को मिलाकर 17 लोग सवार थे। लौटते वक्त रेवाड़ी के पास मंगलवार सुबह करीब चार बजे दिल्ली-जयपुर हाईवे पर उनकी गाड़ी ओढ़ी कट के पास खड़े ट्रक से टकरा गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि क्रूजर के परखच्चे उड़ गए। इनमें एक ही परिवार के मालूराम (35), महेंद्र (33), आशीष (15), सुगमा देवी (35) और मोहरी देवी (95) की मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी ट्रक चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। हाईवे से गुजर रहे लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी।
पुलिस ने घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया। कुछ घायलों को प्राइवेट अस्पताल में भी भर्ती कराया गया है। बावल थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है। दुर्घटना होने के बाद सुबह जैसे ही लोगों को पता चला लोग घटनास्थल की दौड़ पड़े।