रेवाड़ी। शहर के मोहल्ला छीपटवाड़ा स्थित श्रीराम सत्संग भवन में 29 मार्च से 2 अप्रैल तक पांच दिन तक हनुमान जयंती समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान अलग-अलग धार्मिक कार्यक्रमों, भंडारे और भजन-कीर्तन का आयोजन किया जाएगा।
सदगुरु देव शिवचंद इष्टधारी ने बताया कि समारोह का शुभारंभ 29 मार्च रविवार को सुबह 9 बजे बड़ा तालाब स्थित हनुमान मंदिर से श्री रामचरित मानस के शुभागमन से होगा। इसके बाद दोपहर 2 बजे सत्संग भवन में रामचरित का पाठ प्रारंभ होगा। 30 मार्च को रामचरित मानस पाठ की पूर्ति के साथ दोपहर 2 बजे भोग का आयोजन किया जाएगा।
शाम को रात 9 बजे सत्संग भवन में प्रवचन और भजन-कीर्तन होंगे। अगले दिन 31 मार्च मंगलवार को रात 9 बजे पंजाबी धर्मशाला में भजन-कीर्तन और प्रवचन होंगे। इस भजन-कीर्तन में कमलेश सैनी एंड पार्टी के साथ अन्य भक्तजन भाग लेंगे।
1 अप्रैल बुधवार को तुर्कियावास रोड स्थित हनुमान मंदिर में सुबह 10 बजे विशाल हवन का आयोजन किया जाएगा और रोट का भोग लगाया जाएगा। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रताप यादव भाग लेंगे।
2 अप्रैल वीरवार को पंजाबी धर्मशाला में सुबह 11 बजे भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इस भंडारे का शुभारंभ ग्वालियर से गौरव वत्स द्वारा किया जाएगा। समारोह का समापन शाम 7 बजे पूर्ण आहुति और आरती के साथ होगा।