रेवाड़ी। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश अंकिता शर्मा ने साइबर ठगी के एक मामले में आरोपी दावाडिया कला निवासी निशिकांत मिश्रा की जमानत याचिका खारिज कर दी है। मामले के अनुसार साइबर क्राइम थाना में 30 अगस्त 2025 को एफआईआर दर्ज की गई थी।
शिकायतकर्ता अजीत सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि 5 अगस्त 2025 को उन्होंने अपने मोबाइल पर गूगल के माध्यम से शेयर बाजार से जुड़ी जानकारी सर्च की थी। इसके बाद उन्हें व्हाट्सएप पर एक लिंक मिला जिसमें यश सिक्योरिटीज के नाम से अकाउंट खोलने के लिए कहा गया।
आरोप है कि लिंक के जरिए अकाउंट बनाने के बाद उनसे आईपीओ में निवेश कर ज्यादा मुनाफा दिलाने का झांसा दिया गया।शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपियों ने अलग-अलग चरणों में उनसे पैसे जमा करवाए। पहले छोटे-छोटे ट्रांजेक्शन करवाए गए और बाद में बड़ी रकम जमा करवाई गई।
इस तरह 7 से 14 अगस्त 2025 के बीच कुल 19 लाख 30 हजार रुपये विभिन्न ट्रांजेक्शन के माध्यम से जमा करवा लिए गए। शिकायतकर्ता को उनके आईडी में करीब 1 करोड़ 83 लाख रुपये दिखाए गए लेकिन जब उन्होंने पैसे निकालने की कोशिश की तो उनसे और रकम जमा कराने को कहा गया।
जांच के दौरान सामने आया कि 14 लाख 25 हजार रुपये की राशि मच रीकॉन नामक फर्म के बैंक खाते में ट्रांसफर हुई थी। यह फर्म तीन साझेदारों की बताई गई जिनमें निशिकांत मिश्रा भी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार इस साइबर फ्रॉड में कुल पांच बैंक खाते इस्तेमाल किए गए जिनमें से कुछ की जांच अभी जारी है।
आरोपी की ओर से अदालत में दलील दी गई कि वह फर्म में केवल साइलेंट पार्टनर है और बैंक खातों या लेन-देन से उसका कोई संबंध नहीं है। वहीं अभियोजन पक्ष ने कहा कि आरोपी फर्म का साझेदार है और खाते से जुड़ी प्रक्रिया में उसकी भूमिका रही है।
अदालत ने कहा कि मामले की जांच अभी जारी है और आरोपी की रिहाई से जांच प्रभावित हो सकती है। इसी आधार पर अदालत ने जमानत याचिका खारिज कर दी।