रेवाड़ी। दीपावली पर आपात स्थिति से निपटने के लिए अग्निशमन विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। फायर कर्मचारियों की छुट्टियां 22 अक्तूबर तक रद्द कर दी गई हैं। जिलेभर में सिर्फ 84 फायर कर्मचारी हैं। ऐसे में इन कर्मचारियों की ड्यूटी 12-12 घंटे के दो शिफ्टों में लगाई गई है।
जिले में फायर ब्रिगेड की 15 गाड़ियां और 3 फायर बाइक हैं। अधिकारियों का कहना है कि अतिरिक्त गाड़ियां मंगाई गई हैं। तंग गलियों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में बड़ी गाड़ियां नहीं पहुंच पाती हैं। ऐसे स्थानों पर फायर बाइक का इस्तेमाल किया जाएगा। सिर्फ तीन फायर बाइक हैं जो नाकाफी हैं।
रेवाड़ी की आबादी और क्षेत्रफल तेजी से बढ़ा है लेकिन फायर स्टेशन की संख्या नहीं बढ़ी। एक फायर स्टेशन नाईवाली चौक पर है जो शहर का सबसे जाम वाला इलाका है। जाम के चलते फायर ब्रिगेड की गाड़ियां घटनास्थल पर देर से पहुंचती हैं जिससे नुकसान कई गुना बढ़ जाता है।
विभाग के अधिकारियों के अनुसार शहर की आबादी के हिसाब से कम से कम दो फायर स्टेशन होने चाहिए लेकिन नया स्टेशन बनाने की बात सालों से फाइलों में अटकी पड़ी है।
अभय सिंह चौक पर टीडीपी स्कीम के तहत जमीन देखी गई है और सेक्टर-10 में राव तुलाराम स्टेडियम के पास भी जमीन उपलब्ध है लेकिन हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की अड़चनों ने प्रस्ताव को ठंडे बस्ते में डाल रखा है।
पिछले वर्ष दिसंबर में गढ़ी बोलनी रोड पर एक पेंट और हार्डवेयर की दुकान में आग लगी थी। जाम के कारण फायर ब्रिगेड को पहुंचने में देरी हुई थी और तब तक तीन दुकानों का सारा सामान जलकर राख हो चुका था।
अगर सेक्टर-10 में नया फायर स्टेशन होता तो वैकल्पिक रास्तों से समय पर पहुंचकर नुकसान को काफी हद तक रोका जा सकता था। आगे भी ऐसी देरी के चलते कोई बड़ा नुकसान न हो इसके लिए शहर के दोनों तरफ फायर स्टेशन होना जरूरी है।
जोखिम वाले क्षेत्रों पर विभाग का ध्यान नहीं
फायर स्टेशन अधिकारी नीतीश भारद्वाज का कहना है कि शहर के दोनों तरफ फायर स्टेशन जरूरी है। सेक्टर-10 की जमीन इसके लिए उपयुक्त है। इसके लिए बड़े अधिकारियों और हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण से बात की गई है लेकिन अभी कोई प्रगति नहीं हुई। नया स्टेशन बनने से काफी हद तक समस्या दूर हो जाएगी। कर्मचारियों की भर्ती प्रदेश स्तर पर होगी। छोटी बाइक और अन्य गाड़ियों की कमी पूरी करने के लिए पत्र लिखा गया है। दीपावली को देखते हुए जोखिम वाले इलाकों में पहले से गाड़ियां तैनात की जाएंगी और कर्मचारियों को सख्ती से अलर्ट रहने के निर्देश दिए जाएंगे। इसके लिए प्लानिंग के तहत काम करेंगे।
वर्जन
दीपावली पर आपात स्थिति से निपटने के लिए कर्मचारियों की छुट्टियां 22 अक्तूबर तक रद्द कर दी गई हैं। जिले में 84 कर्मचारी हैं। 12-12 घंटे की दो शिफ्टों में ड्यूटी लगाई गई है। फायर ब्रिगेड की 15 गाड़ियां और 3 फायर बाइक हैं। हमारी तैयारी पूरी है। -नीतीश भारद्वाज, फायर स्टेशन अधिकारी रेवाड़ी।