धारूहेड़ा। गांव आकेड़ा में स्क्रैप के गोदाम में बुधवार की दोपहर भीषण आग लग गई। आगजनी में पूरा गोदाम जलकर राख हो गया। आग पर काबू पाने के लिए रेवाड़ी ही नहीं, बल्कि साथ लगते राजस्थान के भिवाड़ी से भी दमकल की गाड़ियां मंगवानी पड़ी। करीब 12 गाड़ियों ने 3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
धारूहेड़ा के समीप गांव आकेड़ा में बलबीर ने स्क्रैप का गोदाम बनाया हुआ है। बुधवार की दोपहर गोदाम में आग लग गई। गोदाम में कई लोग काम कर रहे थे। इससे पहले कोई आग बुझाने की कोशिश करता कुछ सेकेंड में ही आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आसमान में काला धुआं फैल गया। गोदाम के मालिक ने तुरंत इसकी सूचना दमकल विभाग को दी।
शुरुआत में धारूहेड़ा से एक गाड़ी आग बुझाने पहुंची, लेकिन आग भीषण होने से रेवाड़ी, बावल और भिवाड़ी के अलावा आसपास से 12 गाड़ियां मौके पर बुलाई गई। करीब 3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आगजनी में गोदाम मालिक को काफी नुकसान हुआ है। गोदाम में कंपनी से निकलने वाला स्क्रैप रखा हुआ था। इसमें काफी सारे खाली ड्रम भी रखे थे, जिनमें कंपनियों तक केमिकल पहुंचता है। आग के कारणों का पता नहीं चल पाया।