संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। भारतीय प्रशासनिक सेवा के 2015 बैच के अधिकारी मोहम्मद इमरान रजा ने बुधवार को रेवाड़ी के 30वें डीसी के रूप में पदभार संभाल लिया। इससे पहले मोहम्मद इमरान रजा नगर निगम मानेसर में आयुक्त के पद पर कार्यरत थे। वे हरियाणा के कई जिलों में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। जिले का पदभार संभालते ही डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने कहा कि अंत्योदय की भावना के अनुरूप वे सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को लाभ प्रभावी ढंग से क्रियान्वित करवाने में अपना दायित्व प्रभावी रूप से निभाएंगे।
बुधवार को लघु सचिवालय परिसर में पहुंचने पर पुलिस की टुकड़ी द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर देकर नवनियुक्त डीसी का अभिवादन किया गया। एडीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल, डीएमसी डाॅ. सुभिता ढाका, एसडीएम रेवाड़ी होशियार सिंह, एसडीएम बावल संजीव कुमार सहित अन्य अधिकारियों ने नवनियुक्त डीसी मोहम्मद इमरान रजा को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।
नवनियुक्त डीसी रजा ने अधिकारियों से औपचारिक बातचीत करते हुए परिचय लिया। उन्होंने कहा कि सरकार की जन सेवा की भावना के अनुरूप कार्य करते हुए सभी अधिकारी अपने विभागीय योजनाओं का लाभ आमजन मानस तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका अदा करें। उन्होंने कहा कि इस बात का विशेष ध्यान रखा जाएगा कि डीसी कार्यालय में न्याय की उम्मीद लेकर आने वाले लोगों को बिना किसी भेदभाव के न्याय मिले और कोई निराश होकर कार्यालय से न जाए। जिले में चल रहे विकास कार्यों को गति प्रदान करते हुए पूरा करवाना उनका मुख्य उद्देश्य रहेगा।