धारूहेड़ा। दिल्ली-जयपुर हाईवे स्थित एक रिहायशी सोसायटी में पार्क भूमि को लेकर विवाद गहरा गया है। अदालत के यथास्थिति आदेश के बाद भी पार्क की बाउंड्री वॉल तोड़ने, सीसीटीवी कैमरों को क्षतिग्रस्त करने और भूमि पर कब्जा करने के प्रयास के आरोप में धारूहेड़ा पुलिस ने दो नामजद सहित अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
गुरुग्राम निवासी राजेश ग्रेवाल ने बताया कि कंपनी की ओर से विकसित पार्क भूमि का मामला सिविल कोर्ट में विचाराधीन है। 28 जून को अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने यथास्थिति बनाए रखने के निर्देश दिए थे। इसके बाद धारूहेड़ा थाना में दोनों पक्षों के बीच समझौता भी हुआ था।
शिकायत के अनुसार 6 जुलाई की तड़के करीब दो बजे 15 से 20 लोग पार्क भूमि में घुस आए। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग की ओर बनी करीब 50 फुट लंबी बाउंड्री वॉल गिरा दी। सीसीटीवी कैमरे भी क्षतिग्रस्त किए गए। कंपनी के प्रतिनिधियों ने पुलिस को सूचना दी, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी फरार हो गए।
शिकायत में आगे आरोप है कि घटना के बाद भी संजय अपने साथियों के साथ पार्क भूमि में जबरन प्रवेश कर खेती करने का प्रयास कर रहा था। इससे दोबारा कब्जा और कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका है। शिकायतकर्ता ने पुलिस से सुरक्षा, सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित करने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। धारूहेड़ा थाना पुलिस ने कहा कि जांच के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।