रेवाड़ी। हरियाणा सरकार के नगरीय स्थानीय निकाय विभाग ने नगर परिषद रेवाड़ी के सभी 32 वार्डों की अंतिम सीमांकन अधिसूचना जारी कर दी है। इससे पहले 10 दिसंबर को प्रारंभिक अधिसूचना जारी की गई थी जिस पर विचार के उपरांत अब अंतिम रूप से वार्ड सीमाएं तय कर दी गई हैं।
नई वार्डबंदी के तहत रेवाड़ी शहर को भौगोलिक और जनसंख्या संतुलन के अनुसार विभाजित किया गया है। उत्तरी क्षेत्र के वार्ड 1 से 3 में झज्जर पुल, झज्जर चौक, ठठेरा कॉलोनी, रेलवे लाइन और आसपास के रिहायशी इलाके शामिल किए गए हैं।
मध्य क्षेत्र के वार्ड 4 से 10 में आनंद नगर, आजाद चौक, धारूहेड़ा चुंगी, कॉन्सीवास रोड, सरस्वती विहार, शिवम गार्डन, जय मां काली मंदिर और समीपवर्ती कॉलोनियां आती हैं।
इसी तरह दक्षिणी और पूर्वी क्षेत्र के वार्ड 11 से 20 में मॉडल टाउन, सेक्टर-4, रामगढ़ रोड, भवानी चौक, राव तुलाराम स्टेडियम, कालका गांव, उत्तम नगर और बायपास से जुड़े इलाके शामिल हैं।
पश्चिमी और बाहरी क्षेत्र के वार्ड 21 से 32 में बावल चौक, महाराणा प्रताप चौक, गढ़ी बोलनी रोड, रामपुरा रोड, कोसली रोड, नारनौल रोड, नया गांव, सेक्टर-19, राजेंद्र पार्क और हुड्डा बायपास से सटे क्षेत्र सम्मिलित किए गए हैं।
नया वार्ड नंबर 32 की सीमा रेलवे अंडरपास से भारत भूषण के पास प्रारंभ होती है। यह पश्चिम दिशा में मध्य बिंदु तक जाती है। इसके बाद पूर्व में रेलवे लाइन के साथ नगर परिषद पार्क तक जाती है। सीमांकन में प्रॉपर्टी आईडी, प्रमुख चौराहे, मुख्य सड़कें, रेलवे लाइन, बायपास, पार्क, नाले और नगर परिषद की प्रशासनिक सीमा को आधार बनाया गया है।