कोसली। गांव भाला में मंगलवार शाम खाद-बीज कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात को कार सवार दो बदमाशों ने अंजाम दिया है। बेटे की आंखों के सामने पिता की जान ले ली गई। हालांकि वह पीछे भी दौड़ा, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। मौके से तीन खोल और एक डैमेज कारतूस बरामद किया गया है।
50 वर्षीय मोहन शाम 4 बजे अपने 26 वर्षीय बेटे दुष्यंत के साथ दुकान पर बैठे थे। बिना नंबर प्लेट की कार पर सवार होकर आए दो युवकों ने अंदर घुसते ही मोहन पर गोली चला दी। इससे पहले कि दुष्यंत कुछ कर पाता, चार राउंड फायर कर बदमाश फरार हो गए। दुष्यंत पीछे भी दौड़ा। इसके बाद उसने आसपास के लोगों को इकट्ठा किया। घायल मोहन को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पाकर डीएसपी सुरेंद्र श्योराण, डीएसपी विद्यानंद व कोसली थाने की टीम मौके पर पहुंचीं। फिलहाल पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है। एक ओर मोहन के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं कई सवाल भी खड़े हो रहे हैं। वैसे परिजनों ने एक व्यक्ति पर शक भी जताया है।
वारदात से पहले की गई रेकी
माना जा रहा है कि वारदात पूर्व नियोजित थी। इससे पहले दुकान की रेकी भी की गई थी। जानने की कोशिश की थी कि दुकान में कौन-कौन मौजूद हैं। हालांकि दुष्यंत हमलावरों को नहीं पहचानता। मोहन के दो बेटों में से एक दुष्यंत का कहना है कि पिता की किसी के साथ कोई दुश्मनी नहीं थी।
एक दिन पहले हिसार के युवक के साथ हुआ था झगड़ा
इस मामले को लेकर परिजनों ने शक भी जताया है। नागरिक अस्पताल में शव को लेकर पहुंचे परिजनों ने बताया कि मोहन कुछ माह पहले तक एक आनलाइन वर्क करने वाली कंपनी में नौकरी करते थे। जहां पर उनके साथ हिसार का रहने वाला एक युवक भी काम करता था। उसे मोहनलाल ने 50 हजार रुपये उधार दिए थे। वह काफी समय से पैसे नहीं दे रहा था। सोमवार को वह बाइक पर अपने एक साथी के साथ मोहन के पास आया था। यहां पैसों के लेन-देन में उसके साथ झगड़ा हुआ था। उसके बाद वह युवक वहां से चला गया। उसी युवक पर हत्या का शक जताया गया है।
-
सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर जाकर पड़ताल की है। हत्या के कारण का सही खुलासा आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही हो पाएगा। आरोपियों की पहचान के लिए अभी प्रयास किए जा रहे हैं। -विद्यानंद, डीएसपी कोसली