ट्रेन के जनरल डिब्बे में लगी भीड़। संवाद
रेवाड़ी। त्योहारी सीजन बीत जाने के बावजूद ट्रेनों में भीड़ कम होने का नाम नहीं ले रही है। दीपावली और छठ पूजा के बाद अब प्रवासी श्रमिक बड़ी संख्या में अपने कार्यस्थलों की ओर लौट रहे हैं। रेवाड़ी जंक्शन से होकर गुजरने वाली लंबी दूरी की अधिकांश ट्रेनों में सीटें फुल हैं। कंफर्म टिकट मिलना मुश्किल हो गया है जबकि वेटिंग लिस्ट लगातार लंबी होती जा रही है।
यात्रियों का कहना है कि पिछले कई दिनों से टिकट बुक कराने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन हर बार वेटिंग नंबर ही मिल रहा है। मजबूरन कई लोग बिना रिजर्वेशन के जनरल कोचों में सफर करने को विवश हैं। हालत यह है कि जनरल डिब्बों में पैर रखने की जगह तक नहीं बचती। लोग दरवाजों और गलियारों में खड़े होकर घंटों का सफर तय कर रहे हैं।
यात्रियों की मानें तो यह भीड़ मुख्य रूप से उन प्रवासी श्रमिकों की है जो त्योहार मनाने अपने गांव गए थे और अब अपने काम पर लौट रहे हैं। खासकर बिहार, उत्तर प्रदेश, झारखंड और पश्चिम बंगाल से आने-जाने वाले यात्री सबसे ज्यादा परेशान हैं। जिन लोगों को टिकट नहीं मिल पा रही वे मजबूरी में जनरल टिकट लेकर यात्रा कर रहे हैं।
रेलवे की ओर से बढ़ती भीड़ को देखते हुए कई स्पेशल ट्रेनें चलाई जा चुकी हैं लेकिन इसका ज्यादा असर दिख नहीं रहा है। लोगों का कहना है कि स्पेशल ट्रेनों की संख्या अभी भी कम है और उनमें भी सीटें भर चुकी हैं।
जनरल डिब्बों में स्थिति सबसे खराब
जनरल डिब्बों में स्थिति सबसे खराब है। यात्री रोहन, बिरजू, राकेश का कहना है कि एक-एक कोच में सैकड़ों लोग भरे रहते हैं जिससे सांस लेना भी मुश्किल हो जाता है। कई यात्रियों को खड़े होकर ही लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है। महिलाओं और बच्चों को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि इस सीजन में अतिरिक्त ट्रेनों की संख्या बढ़ाई जाए और भीड़ वाले रूटों पर अतिरिक्त डिब्बे लगाए जाएं ताकि लोगों को राहत मिल सके।