रेवाड़ी। विभिन्न खंडों में खंड शिक्षा अधिकारियों की देखरेख में खंडस्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। इसमें खंड स्तर के विद्यालयों के विद्यार्थी अपने नवाचार और वैज्ञानिक सोच का प्रदर्शन करेंगे। प्रदर्शनी में कक्षा 6वीं से 12वीं तक के विद्यार्थी भाग लेंगे।
सभी सरकारी विद्यालय, जो हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड या सीबीएसई से मान्यता प्राप्त और हरियाणा बोर्ड से मान्यता प्राप्त निजी विद्यालय इसमें भाग ले सकते हैं। सीबीएसई से सम्बद्ध निजी स्कूल इस प्रदर्शनी में भाग नहीं ले सकेंगे।
विद्यालयों को निर्धारित विषयों, दिशा-निर्देशों व मानदंडों के अनुसार विज्ञान मॉडल तैयार कर प्रदर्शनी में भाग लेना होगा। इसमें चयनित मॉडल जिला स्तर पर आयोजित होने वाली जिलास्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में भेजे जाएंगे।
आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण और नवाचार की भावना को प्रोत्साहित करना है। जिला विज्ञान विशेषज्ञ ने बताया कि मॉडल मेकिंग में कक्षा छठी से बारहवीं के विद्यार्थी सर्वप्रथम खंड स्तर पर भाग लेंगे।
खंड स्तर पर सात उपविषयों पर होने वाली बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी में प्रत्येक उपविषय में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी जिला स्तर पर भाग लेंगे। प्रत्येक खंड से कुल 21 विद्यार्थी अपने मार्गदर्शक अध्यापक के साथ जिला स्तर की प्रदर्शनी में हिस्सा लेंगे। जिला स्तर पर विजेता विद्यार्थी राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक अपनी प्रतिभा दिखा सकेंगे।
विद्यार्थियों में जागा वैज्ञानिक दृष्टिकोण : आयोजन का उद्देश्य वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देना, प्रतिभा की पहचान करना और उसे जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना है। प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने अपने अभिनव मॉडल और प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए।