कई दिनों से धनतेरस के लिए बाजार सजकर तैयार हैं। दुकानदारों को उम्मीद है कि माह के आखिरी सप्ताह में दिवाली का सूखा इस दिन पूरा हो जाएगा। शहर के प्रमुख बाजार ब्रास मार्केट, पंजाबी मार्केट, गोकल बाजार, सर्राफा बाजार, गुड़ बाजार, जीवली बाजार, कटला बाजार, नया बाजार, अपना बाजार, गूजरान चौक पर दुकानें कई दिनों से सजी हुई हैं। काफी दिनों तक अतिक्रमण पर मचे हो-हल्ले के बाद दीपावली को लेकर प्रशासनिक छूट के मद्देनजर दुकानदारों ने अपनी दुकानों के बाहर फड़ पर सामान लगा लिए हैं। नगर परिषद ने भी 500 रुपये प्रति फड़ के हिसाब से पर्ची काटी है। ऐसे में अब दुकानदार अपनी दुकानों से निकलकर बाहर आ गए हैं।
बाजारों में सड़कों पर भी सामान बेचा जा रहा है। छोटे-छोटे बच्चे लक्ष्मी-गणेश जी और अन्य पूजन सामग्री बेचते दिख रहे हैं। कुम्हार भी मिट्टी के गणेश-लक्ष्मी बेचते नजर आ रहे हैं। धरतेरस से पूर्व बाजार की टोह लेने के लिए बड़ी संख्या में महिलाओं को बाजार में सामान का मोल भाव करते देखा गया। शुक्रवार को ज्यादा भीड़ में मोलभाव से बचने के लिए अधिकांश लोगों को बाजार का रुख तय कर रहे थे। वीरवार को युवाओं और बच्चों को बाजार में देखा गया। बच्चे पटाखों को लेकर ज्यादा उत्सुक नजर आए। बाजार में खरीदारी के साथ लोग चाट-पकौड़ी का भी आनंद लेते देखे गए। बाजार में भीड़ के चलते ठेले पर चाट-पकौड़ी बेचने वालों की भी एकदम से बाढ़ आ गई।
-----------------
इस बार दीपावली से बहुत उम्मीद है। दीपावली माह के अंत में आने के कारण थोड़ा फर्क पड़ सकता है। लोग खरीदारी में रुचि दिखा रहे हैं। हमें आशा है कि बाजार अच्छा रहेगा। - पूरणमल सोनी, नवदीप ज्वैलर्स
बाजार बहुत अच्छा रहेगा। हमें उम्मीद है कि यह दीपावली पिछली दीपावली से भी बढ़कर रहेगी। हमने भी सभी तैयारियां कर ली हैं। कई तरह की मिठाइयां हमारे यहां हैं।
- हेेमंत सिंघल, श्रीजी रेस्टोरेंट
दीपावली साल का सबसे बड़ा त्योहार है। हर कोई इस त्योहार पर खरीदारी करता है। अब लोगों का रुझान ड्राई फ्रूट की तरफ ज्यादा है। हमने भी अच्छी क्वालिटी के ड्राइ फ्रूट बिक्री के लिए हैं। - संदीप गोयल, राघव सुपर स्टोर
बाजार से बहुत आस है। पिछले काफी दिनों से दीपावली की तैयारी रखी है। आशा है कि इस बार दीपावली सभी के लिए अच्छी रहेगी। अभी तक का रेस्पांस भी बहुत अच्छा मिल रहा है। - सोनू मेहंदीरत्ता , श्रीसाईं स्वीट्स