खेड़ा बॉर्डर पर धरने पर बैठे किसान।
- फोटो : Rewari
रेवाड़ी। कृषि कानूनों के विरोध में दिल्ली-जयपुर हाईवे पर आंदोलन कर रहे किसानों का धरना 127 वें दिन भी जारी रहा। सोमवार को किसानों का एक जत्था धन्ना भगत की जयंती पर उनके गांव धोआ कलां से मिट्टी लेकर खेड़ा बॉर्डर पर पहुंचा। मंगलवार को उनकी याद में टीकरी बॉर्डर मोर्चे पर कार्यक्रम आयोजित होंगे।
इसके अलावा 20 से 26 अप्रैल के बीच सभी मोर्चों पर प्रतिरोध सप्ताह के तहत कोरोना से बचाव के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। 24 अप्रैल से सभी किसानों को फिर दिल्ली चलो के नारे के साथ मोर्चा पर वापसी का आह्वान किया गया है। इसके साथ ही खेड़ा बॉर्डर पर प्रतिदिन होने वाली आमसभा को 3 मई तक स्थगित रखने का फैसला लिया गया है। आंदोलनकारी किसानों ने मोर्चा स्थल पर किसानों का टीकाकरण कराने की मांग की है।
बता दें कि दिल्ली कूच करते समय राजस्थान के किसानों को हरियाणा पुलिस ने हाईवे स्थित खेड़ा बॉर्डर पर रोक दिया था। इसके बाद से किसानों ने यहीं पर आंदोलन शुरू कर दिया था। किसानों को समर्थन देने के लिए यहां अन्य राज्यों के किसान भी पहुंच गए।
भारतीय किसान यूनियन के रामकिशन महलावत सहित अन्य वक्ताओं ने कहा कि आंदोलन के तहत जारी महापड़ाव स्थल पर किसानों का एक जत्था लखविंदर सिंह औलख प्रदेश अध्यक्ष भारतीय किसान एकता के नेतृत्व में धन्ना भगत जी की जन्मस्थली धोआकलं से पवित्र मिट्टी लेकर खेड़ा बॉर्डर पर पहुंचा। उनके साथ गुरप्रीत सिंह गिल, मैक्स साहूवाला, गुरमीत सिंह नाकोड़ा, गुरी सेखों मल्लेका, अरविंदर सिंह भाऊ रोड़ी और अन्य कई किसान मौजूद थे।
वक्ताओं ने कहा कि संयुक्त किसान मोर्चा ने यह स्पष्ट किया है कि किसी को भी किसी भी सूरत में महामारी की आड़ में आंदोलन को कमजोर करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। धरनास्थल पर किसान स्व अनुशासन के साथ अपना और अपने साथियों के स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए निरंतर आंदोलन को आगे बढ़ाने का काम करते रहेंगे। संयुक्त किसान मोर्चा ने मोर्चा स्थल पर ही सभी इच्छुक किसानों का टीकाकरण कराने की भी सरकार से मांग की है।
उन्होंने कहा कि किसानों ने सरकार द्वारा ऑपरेशन क्लीन की धमकी का मुकाबला ऑपरेशन शक्ति से करने की रणनीति बनाई है। इस रणनीति के तहत एक तरफ तो किसान प्रतिरोध सप्ताह मनाकर सभी मोर्चों पर कोरोना का मुकाबला करने का पुख्ता इंतजाम करेंगे। दूसरी तरफ अगले सप्ताह से किसानों को वापस अपने मोर्चों पर आने का आह्वान किया गया है।