रेवाड़ी। प्रदेश के सहकारिता मंत्री डॉ. बनवारीलाल ने कहा कि किसान बताएं कि कृषि कानूनों में क्या काला है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगर किसानों का भला नहीं कर सकते तो कोई और कर भी नहीं सकता है। मंत्री शनिवार को बावल रेस्ट हाउस में पौधरोपण करने पहुंचे थे।
कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की आय कैसे हो दुगनी हो, इसके लिए हर संभव प्रयास कर रही है। प्रदेश सरकार व केंद्र की ओर किसानों के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। बीती सरकारों के दौरान बाजरे की कीमत क्या थी सबको पता है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग अपनी खोई राजनीतिक जमीन को चमकाने के लिए दूसरे के कंधों पर रखकर बंदूक चला रहे हैं। सहकारिता मंत्री ने कहा कि रेवाड़ी से सटे राजस्थान के अलवर में बाजरा 900 रुपये में किसान बेचने को मजबूर थे। लेकिन रेवाड़ी में दो हजार रुपये से ज्यादा कीमत थी। ऐसे में किसानों को राजस्थान की कांग्रेस सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करना चाहिए।