संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। किसानों को फसल पैदा करने के साथ ही एमएसएमई और स्टार्टअप के माध्यम से प्रोसेसिंग, पैकेजिंग और मार्केटिंग पर भी ध्यान देना चाहिए। ये बातें कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने सोमवार को गांव गोलियाका में जिलास्तरीय किसान सम्मान समारोह में कहीं।
उन्होंने कहा कि किसानों को फसल पैदा करने में नवीनतम तकनीक अपनानी चाहिए। कहा कि पीएम-किसान योजना के तहत किसानों के बैंक खातों में अभी तक लगभग 3.5 लाख करोड़ रुपये डाले जा चुके हैं। सरकार के इस प्रयास से किसानों को सम्मान, समृद्धि और नयी ताकत मिली है। कहा कि खरीफ-2024 के दौरान प्रतिकूल मौसम की स्थिति के कारण राज्य में उत्पादित की जा रही कृषि एवं बागवानी फसलों पर 2000 रुपये प्रति एकड़ बोनस देने का फैसला किया गया। अब तक कुल 1345 करोड़ रुपये की राशि किसानों को दी जा चुकी है। हरियाणा देश का पहला राज्य बन गया है, जहां सभी फसलों के दाने-दाने की खरीद एमएसपी पर की जाती है। इस अवसर पर बिहार के भागलपुर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। इस दौरान उन्होंने बटन दबाकर किसान सम्मान निधि की किस्त किसानों के खाते में भेजी। 19 वीं किस्त के रूप में जिले के लगभग 69 हजार 375 किसानों के बैंक खातों में किसान सम्मान निधि की राशि डाली गई। अब तक यहां के किसानों को 211 करोड़ रुपये से अधिक की राशि दी जा चुकी है।
जमीन अधिग्रहण के मामले में जल्द बनेगी नई नीति
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि हरियाणा में इंडस्ट्री डिपार्टमेंट की ओर से किसानों की जमीन अधिग्रहण के मामले में जल्द ही नई नीति प्रस्तुत की जाएगी, जिसके तहत किसानों को हिस्सेदार बनाते हुए उन्हें एक एकड़ में 1200 गज जगह दिए जाने का प्रावधान रखा जाएगा। पॉलिसी को अगले महीने प्रस्तुत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा में 10 से 12 क्लस्टर बनाए जाने हैं यदि रेवाड़ी में 1000 एकड़ भूमि उपलब्ध करवाई जाए तो यहां पर भी एक टाउनशिप स्थापित की जा सकती है, जिससे कि यहां विकास के नए रास्ते खुलेंगे। इस अवसर पर उपायुक्त अभिषेक मीणा, भाजपा जिला अध्यक्ष वंदना पोपली, एसडीओ दीपक कुमार, डीआईओ सचिन शर्मा सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र के किसान, अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।