डहीना पैक्स के बाहर खाद के लिए लगी किसानों की भीड़। संवाद
- फोटो : Rewari
द डहीना प्राथमिक कृषि सहकारी समिति के तहत आने वाले किसानों को खाद नहीं मिलने से उनको परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। तीन दिन पहले आई 350 बोरी खाद पैक्स एक गांव के ही किसानों को बांट दी गई, जबकि खाद लेने वालों में 9 गांवों के किसान शामिल थे। किसानों ने जिला प्रशासन से गुहार लगाई कि जल्द से जल्द खाद उपलब्ध करवाई जाए, ताकि उनको फसल की बिजाई करने में दिक्कत न हो।
किसान सज्जन सिंह, राजबीर सिंह, उदयराम, कृष्ण कुमार, रोहताश आदि ने बताया कि डहीना पैक्स में खाद की किल्लत से उनको बहुत परेशानी हो रही है। तीन दिन पहले डहीना पैक्स में 350 बोरी खाद आई थी। उस दिन 9 गांवों के किसान एकत्रित हुए थे, लेकिन, किसानों की संख्या ज्यादा देखकर खाद का वितरण नहीं किया गया था। पैक्स प्रबंधक द्वारा किसानों को आश्वासन दिया गया था कि जब तक सभी गोदामों में खाद नहीं आ जाती है तक तक वितरण नहीं किया जाएगा। सोमवार को एक बार फिर किसान खाद लेने के लिए डहीना पैक्स में सुबह से जमा हो गए, लेकिन पैक्स कर्मचारियों ने एक गांव के किसानों में खाद का वितरण कर दिया, जबकि वहां 9 गांवों के किसान मौजूद थे।
किसानों का कहना है कि खाद नहीं मिलने से वे बहुत परेशान हैं। समय पर सरसों की बिजाई नहीं हो पा रही है। उन्होंने कहा कि जो खाद आई है उसमें से सभी को 10-10 किलो खाद भी देते तो वे लेने के लिए तैयार थे। किसानों ने जिला प्रशासन से गुहार लगाई है कि जल्द से जल्द खाद भेजी जाए, ताकि उनको परेशानी का सामना न करना पड़े।