नारनौल। बाजरे की खरीद प्रक्रिया में अनियमितता के चलते कनीना मंडी के सचिव व महेंद्रगढ़ के सहायक सचिव को निलंबित किया जा चुका है। नारनौल अनाज मंडी में दो दिनों के लिए गेटपास बंद करने के निर्णय को भी इसी कार्रवाई से जोड़कर देखा जा रहा है।
मार्केट कमेटी अधिकारियों का कहना है कि बाजरे की अधिक आवक के कारण व्यापारी उठान नहीं कर पा रहे। इसलिए व्यापारियों के अनुरोध करने पर दो दिन के लिए गेटपास काटने का कार्य बंद किया गया है लेकिन मंडी में केवल टिन शेड के नीचे बाजरे के बैग रखे हुए हैं और शेष टिन शेड व मंडी खाली पड़ी हुई है।
वहीं इन दो दिनों में व्यापारियों व अधिकारियों द्वारा स्टॉक डाटा अपडेट किया जा रहा है। मार्केट कमेटी अधिकारियों व व्यापारियों की बैठकों का दौर भी चल रहा है। गौरतलब है कि जिन मार्केट कमेटी के अधिकारियों पर कार्रवाई की गई थी, उन मंडियों में ई-खरीद पोर्टल और मार्केट कमेटी के रजिस्टर में अंतर और गेट पास जारी करने में पाई गई खामियों के कारण ही की गई थी।
बाजरे की आवक बनी जांच का कारण
बारिश के कारण बाजरे के मुआवजे के लिए जिले के अनेक किसानों ने ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाई थी। ऐसे में अनुमान लगाया जा रहा था कि बाजरे की आवक कम रहेगी। जिले में अब तक करीब 10 लाख क्विंटल बाजरे की आवक हो चुकी है। जिलेभर में व्यापारियों द्वारा बोली लगाकर करीब 9 लाख 40 हजार क्विंटल बाजरे की खरीद की गई। ऐसे में जिलेभर में करीब 50 करोड़ रुपये की भावांतर राशि किसानों को दी जानी बाकी है।
सरकारी खरीद नहीं होने व व्यापारियों द्वारा बहुत कम भाव पर बाजरा खरीदने के कारण एमएसपी से कम पर बाजरा बेचना पड़ा लेकिन गेटपास व जे फार्म में गड़बड़ी से भावांतर स्कीम का फायदा कुछ लोग उठा रहे हैं। इसलिए जिले की सभी मंडियों में जांच होनी चाहिए ताकि खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे। -दलीप सिंह, किसान, नारनौल।
किसानों के फायदे के लिए बनाई गई योजना का लाभ कुछ लोग गलत तरीके से उठा रहे हैं इसलिए जिले की सभी मंडियों में जांच होनी चाहिए और जल्द से जल्द भावांतर राशि किसानों को दी जानी चाहिए ताकि खराब गुणवत्ता के बाजरे की मार झेल रहे किसानों को राहत मिले। -छाजूराम रावत, किसान नेता, नारनौल।
वर्जन :
व्यापारियों के अनुरोध पर दो दिन के लिए गेटपास बंद किए गए थे, 30 अक्तूबर से गेटपास काटने का कार्य सुचारू रूप से किया जाएगा। -नकुल यादव, सचिव, मार्केट कमेटी, नारनौल।