बाजरा खरीद सिस्टम में गड़बड़ी का एक और मामला सामने आया है। बावल के गांव खुर्रमपुर निवासी एक किसान के मोबाइल पर बावल मंडी की बजाय चरखी दादरी में बाजरा बिक्री का मैसेज पहुंच गया। किसान द्वारा अधिकारियों को अवगत कराए जाने के बाद समाधान करते हुए बावल में ही बाजरा की खरीद की गई, जिसके बाद किसान ने भी राहत की सांस ली।
गांव खुर्रमपुर निवासी किसान हुकम सिंह ने अपना बाजरा बावल में बेचने के लिए पोर्टल पर पंजीकरण कराया गया था। 18 अक्तूबर को किसान के पास चरखी दादरी मंडी में 16 क्विंटल बाजरा बिक्री का मैसेज आया। मैसेज आने के बाद किसान परेशान हो गया। सोमवार को किसान अपनी समस्या को लेकर मंडी में पहुंचा तथा अधिकारियों को चरखी दादरी की मंडी का मैसेज आने की जानकारी दी। स्थानीय अधिकारियों द्वारा उच्च अधिकारियों को किसान की समस्या से अवगत कराया गया। जांच में किसान को ऑनलाइन मैसेज गलत जाने का पता लगा। इसके बाद किसान का बाजरा बावल मंडी में ही खरीद लिया गया।