रेवाड़ी। ग्रामीणों द्वारा पकड़ा गया बेसहारा सांड। संवाद
रेवाड़ी। जिले के गांव चिल्हड़ में खेत में काम करते समय सांड़ ने एक बुजुर्ग किसान पर हमला कर घायल कर दिया था। गंभीर हालत के चलते परिजन उसे जयपुर के एक निजी अस्पताल में ले गए, जहां शुक्रवार को उसकी मौत हो गई।
खीलपुर की ढाणी निवासी किसान रामनिवास (65) 22 अक्तूबर को चिल्हड़ गांव की सीमा में अपने खेत में काम करने गया था। इस दौरान एक सांड़ रामनिवास के खेत में घुस गया। जैसे ही रामनिवास ने भगाने का प्रयास किया तो साड़ ने उन पर हमला कर दिया। उसने उसे सींगों से उठा लिया और काफी देर तक पटकता रहा। दूसरे किसानों ने उसे देख लिया। लाठियों की मदद से सांड़ को भगाकर रामनिवास को बचाया गया। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे। गंभीर हालत में उसे पहले रेवाड़ी और फिर जयपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान शुक्रवार को रामनिवास की मौत हो गई। गांव चिल्हड़ में पंचायत बुलाई गई। इसके बाद ग्रामीणों ने खुद ही सांड़ को काबू में कर उसे पेड़ से बांध दिया।
सांड को गौशाला में छोड़ा जाएगा
ग्रामीणों ने बताया कि अब इस सांड़ को गोशाला में छोड़ा जाएगा। यह सांड़ पहले भी कई बार लोगों को घायल कर चुका है। जिसको लेकर जिला प्रशासन और डीसी को पत्र लिखकर सांड़ को गांव के बाहर छोड़ने की मांग की गई थी, लेकिन प्रशासन ने इस पर कोई ध्यान नहीं दिया। आखिर में किसान रामनिवास की जान चली गई। ऐसे में दोबारा कोई हादसा न हो इसके लिए सांड़ को अपने स्तर पर ही पकड़ लिया गया है।