भिवाड़ी। यूआईटी औद्योगिक क्षेत्र स्थित रामको मेटल फैक्टरी में आग की चपेट में आने से फैक्टरी मालिक देवेंद्र यादव के छोटे भाई हरपाल यादव की इलाज के दौरान दिल्ली में मौत हो गई। देवेंद्र यादव की हालत भी गंभीर है। उनका दिल्ली के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है।
वीरवार दोपहर करीब 2 बजे रामको मेटल फैक्टरी परिसर में आग लग गई थी। आग सबसे पहले रामको कंपनी की छत पर रखे ऑयल टैंकर में लगी थी। इसके बाद आग तेजी से फैलते हुए एल्शोक एलएलपी तक पहुंच गई और कुछ ही देर में रामको मेटल कंपनी पूरी धुएं और आग की लपटों से घिर गई।
हादसे के समय फैक्टरी मालिक देवेंद्र यादव व उनका छोटा भाई हरपाल व अन्य लोग ऑफिस में ही बैठे हुए थे और कई कर्मचारी काम कर रहे थे। आग लगते ही कंपनी में अफरा-तफरी मच गई। देवेंद्र यादव और उवका भाई हरपाल यादव आग से घिर गए और गंभीर रूप से झुलस गए।
कंपनी मालिक देवेंद्र यादव भिवाड़ी यूआईटी सेक्टर 9 के पार्षद भी है। हरपाल की मौत की सूचना लगते ही घर में कोहराम मच गया और सेक्टर के लोग उनके घर पर इकट्ठा हो गए और परिवार को सांत्वना देने में लगे है।
हरपाल सीए थे. देखते थे एकाउंट का काम
हरपाल चार्टर्ड एकाउंटेंट थे और भिवाड़ी के भगत सिंह कॉलोनी में एक कोचिंग सेंटर चलाते थे। हरपाल कंपनी का अकाउंट्स का काम भी देखते थे। शुक्रवार को हरपाल अपने भाई देवेंद्र यादव के पास कंपनी के काम से ही मिलने आया था। दोनों भाई ऑफिस में बैठकर बात कर रहे थे तभी यह हादसा हो गया। हरपाल की शादी 2018 में हुई थी और इनके दो छोटी लड़कियां है।