फोटो : 20ग्राम मंगलेश्वर में लगा कैंप। स्रोत : ग्रामीण
रेवाड़ी। सर्व हरियाणा ग्रामीण बैंक शाखा मंगलेश्वर की ओर से ग्राम मंगलेश्वर में केवाईसी, जन सुरक्षा कैंप और वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बैंक के शाखा प्रबंधक सुनील कुमार ने ग्रामवासियों को किसान क्रेडिट कार्ड, पशु क्रेडिट कार्ड, ट्रांसपोर्ट योजना के तहत व्हीकल लोन, कार ऋण, गृह ऋण जैसी बैंक की विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि ये योजनाएं ग्रामीणों की आर्थिक स्थिति को सशक्त बनाने में मददगार साबित हो रही हैं। इस अवसर पर लॉर्ड कृष्णा एजुकेशनल फाउंडेशन के सीएफएल सेंटर से आईं मुकेश यादव ने प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना व अटल पेंशन योजना के लाभों के बारे में विस्तार से समझाया।
उन्होंने बताया कि इन योजनाओं के माध्यम से कम प्रीमियम में बीमा और पेंशन की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है जिससे ग्रामीणों का भविष्य आर्थिक रूप से सुरक्षित हो सकता है। कार्यक्रम की अध्यक्षता बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक राजीव कुमार यादव ने की।
उन्होंने सर्व हरियाणा ग्रामीण बैंक की पृष्ठभूमि और विकास यात्रा के बारे में बताया। कार्यक्रम में शाखा मंगलेश्वर के सहायक प्रबंधक रविंद्र के अलावा मंगलेश्वर, माजरी, बिशनपुर और इब्राहीमपुर गांव के ग्रामीण उपस्थित रहे।