प्रतियोगिता में भाग लेते विद्यार्थी। स्रोत : कॉलेज
बावल। कृषि महाविद्यालय बावल में रैगिंग विरोधी सप्ताह मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. नरेश कौशिक के स्वागत भाषण से हुई। सप्ताह के दौरान विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया।
पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता में कुल 30 छात्रों ने भाग लिया जिसमें उन्होंने नारों, चित्रों और रचनात्मक अभिव्यक्तियों के माध्यम से रैगिंग के खिलाफ अपने विचार प्रस्तुत किए।
प्रतियोगिता में प्रथम वर्ष की ईशा बेडवाल और द्वितीय वर्ष के तनिष कंबोज ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। दूसरा स्थान प्रथम वर्ष की जीनत व तीसरे वर्ष की अंतिम यादव को मिला जबकि तीसरे स्थान पर प्रथम वर्ष की नंदिनी और तृतीय वर्ष के कारण चौहान रहे।
कार्यक्रम के तहत विश्वविद्यालय अनुदान आयोग द्वारा जारी रैगिंग विरोधी वीडियो भी दिखाए गए, जिनमें वास्तविक जीवन की घटनाओं और कानूनी परिणामों के माध्यम से छात्रों को जागरूक किया गया। वीडियो ने छात्रों को रैगिंग के खतरों और नवागंतुकों के लिए सहायक माहौल बनाने के महत्व को रेखांकित किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के वैज्ञानिक डॉ. चरण सिंह, डॉ. तन्वी भाटिया, डॉ. रामस्वरूप, डॉ. राहुल कुमार, डॉ. योगेश कुमार, डॉ. परवीन शर्मा व डॉ. अलीशा मित्तल सहित लगभग 70 छात्र उपस्थित रहे।