फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सीवर जाम पर फूटा दुकानदारों का गुस्सा, बाजार किया बंद, दिया धरना

Wed, 03 Feb 2016 01:18 AM IST
भिवानी ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
रेवाड़ी। शहर के गुर्जरान बाजार में सीवरेज ओवरफ्लो की बदहाली से परेशान दुकानदारों की रोजी-रोटी पर संकट खड़ा होने पर आखिर उनका गुस्सा फूटा। उन्हें अपनी दुकान बंद कर बाजार में दिन भर धरना दिया। जब मामले की सूचना अधिकारियों और नेताओं तक पहुंची तो सभी मौके पर पहुंचे और जल्द समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया। इधर दुकानदारों ने कहा कि एक सप्ताह में स्थायी समाधान नहीं हुआ तो लघु सचिवालय के बाहर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। आखिर दोपहर बाद भाजपा जिलाध्यक्ष सतीश खोला भी पहुंचे और दुकानदारों की विधायक रणधीर सिंह कापड़ीवास से बात कराई और स्थायी समाधान के लिए प्रोजेक्ट बनाने का आश्वासन दिया। इसके बाद लोगों ने धरना खत्म कर दिया।
विज्ञापन

उक्त बाजार में इसी समस्या को लेकर दुकानदार प्रदर्शन तक कर चुके हैं, जिसमें प्रशासन ने दुकानदारों के खिलाफ मामले तक दर्ज कर दिए थे।

दुकानदार बोले, एसडीओ का करो तबादला तब होगा सुधार
धरने की सूचना मिलते ही विधायक रणधीर सिंह कापडीवास ने निगरानी समिति के चेयरमैन रोहताश प्रधान, पब्लिक हेल्थ के ईएक्सईएन रणजीत मलिक एवं एसडीओ इंद्रजीत सिंह को मौके पर भेजा। चेयरमैन के सामने दुकानदारों ने अधिकारियों पर जमकर भड़ास निकाली। दुकानदार बोले अधिकारियों को पचास से ज्यादा बार शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन सुनने वाला कोई नही है। व्यापारियों ने कहा कि जब तक एसडीओ का तबादला नहीं होगा स्थिति नहीं सुधर सकती है। व्यापारियों ने यहां तक कहा कि पहली सरकार में छह महीने तो कोई सफाई करने आ जाता था, लेकिन इस सरकार में तो कोई सुनवाई ही नहीं है।

दुकानदारों ने प्रशासन को दिया एक सप्ताह का समय
गुर्जरान बाजार में सीवरेज ओवरफ्लो की समस्या आज की नहीं है, सालों पुरानी है। यहां पर आए दिन सीवरफ्लो के चलते बाजार में गंदा पानी भरा रहता है, आलम यह है कि वहां से पैदल तक नहीं निकला जा सकता है। बाजार के प्रधान सुभाष सैनी एवं उपप्रधान लालचंद खटाना ने बताया कि बीते वर्ष इसी समस्या को लेकर प्रदर्शन किया गया था। प्रशासन ने समाधान करने की बजाय उन पर ही मामले दर्ज कर दिए थे। उन्होंने बताया कि आलम यह है कि ग्राहक तो दूर की बात दुकानदार अपनी दुकानों पर नहीं बैठ सकते हैं। उन्होंने बताया कि यदि एक सप्ताह के अंदर हालात नहीं सुधरे तो सभी ट्रेड यूनियनों से बात करके लघु सचिवालय के बाहर अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा।
विज्ञापन

--------------------------
बस स्टैंड के अंदर गड्ढा बनाकर किया जाएगा समस्या का समाधान
मौके पर पहुंचे पब्लिक हेल्थ एसडीओ रणजीत सिंह ने बताया कि फोरी तौर पर चोक सीवर को खोलकर ठीक किया जा रहा है। वहीं स्थायी समाधान के लिए बस स्टैंड के अंदर 20 बाई 20 फीट का गड्ढा खोदकर वहां पर सीवर का पानी एकत्रित कर वहां से लिफ्ट कर मैन लाइन में छोड़ा जाएगा। उन्होंने बताया कि यहां पर सीवर के अंदर गोबर एवं पॉलिथीन जमा हो रखे हैं, इसके चलते सीवर चौक हो गए हैं। मौके पर ही कर्मचारियों एवं पब्लिक हेल्थ ने एक दूसरे को स्थिति के लिए जिम्मेदार ठहराया। धरने में हरिकिशन, रिंकू, अमर सिंह, दिनेश शर्मा, देशराज, नेमीचंद एवं राकेश लोहिया सहित अनेक दुकानदार उपस्थित थे।
विज्ञापन


वर्जन
नगर परिषद कर्मचारियों की ओर से समय पर कूड़ा उठाया जाता है, फिर भी कोई समस्या न आए इसके लिए कर्मचारियों को सख्ती के आदेश दे दिए गए हैं।
-डॉ. अरविंद बाल्याण, ईओ, नप

सीवर में कुछ फंसने की वजह से ओवरफ्लो हो गया था। तत्काल समाधान कर दिया गया है, स्थायी समाधान के लिए प्रक्रिया चल  रही है।
-रणजीत मलिक, ईएक्सईएन, पीएचईडी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें