शहीद महेश राजकीय प्राथमिक पाठशाला आसलवास में आयोजित कार्यक्रम में एकत्रित हुए शिक्षकगण। स्रोत :
रेवाड़ी। शहीद महेश राजकीय प्राथमिक पाठशाला आसलवास में नामांकन बढ़ाने और शिक्षा जागरूकता को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इसमें अभिभावकों, ग्रामवासियों और शिक्षकों को संबोधित किया गया।
इस बैठक में जिला एफएलएन समन्वयक चरण सिंह ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गांव के हर बच्चे को विद्यालय से जोड़ना हम सभी शिक्षकों, अभिभावकों एवं ग्रामवासियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अभिभावकों से नामांकन बढ़ाने में अधिक से अधिक योगदान देने की अपील की व सभी से आग्रह किया कि वे पढ़ाई के साथ-साथ बच्चों के अनुशासन, स्वच्छता, स्वास्थ्य और नैतिक मूल्यों पर अवश्य ध्यान दें।
उन्होंने सभी अभिभावकों से यह भी गुजारिश की है कि वे सभी अपने बच्चों के साथ अपना व्यवहार इस प्रकार बनाए रखें कि आपका बच्चा अपनी रोजमर्रा की बातें निसंकोच आपके साथ साझा करें। उन्होंने सभी से यह संकल्प लेने का आह्वान किया कि गांव का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे और हर घर शिक्षा की रोशनी से आलोकित हो। बैठक में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने शिक्षा को एक जन आंदोलन का रूप देने की शपथ ली और संकल्प लिया कि वे हर बच्चे को विद्यालय से जोड़ने के प्रयासों में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। इस अवसर पर क्लस्टर हेड शालिनी पुरोहित, हेडमास्टर हाई स्कूल आसलवास नारायण सिंह, जीएचएस पातुहेड़ा से शोभा भारद्वाज, एबीआरसी सुमन, जीएमएसएसएस जलियावास से लक्ष्मी नारायण, हेड टीचर कैलाश अभिभावकगण एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।