आरोपी, हिमांशु उर्फ सोनू। स्रोत : पीआरओ
रेवाड़ी। थाना खोल पुलिस गांव नान्धा स्थित शराब ठेके पर सेल्समैन पर हमला कर नकदी व शराब ले जाने के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गांव नान्धा निवासी हिमांशु उर्फ सोनू के रूप में हुई है। पुलिस इस मामले में तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
दरअसल, जिला महेंद्रगढ़ के गांव ब्राह्मणवास निवासी विजय कुमार ने अपनी शिकायत में बताया था कि उसका गांव नान्धा में शराब का ठेका है। इस पर उसने मनीष को बतौर सेल्समैन लगा रखा था। गत वर्ष 4 अगस्त की रात को कुछ लड़के उसके ठेके पर आए और उसके सेल्समैन मनीष पर पत्थरों से हमला कर दिया। इनमें दो लड़कों ने अपने मुंह पर नकाब बांध रखा था।
सभी आरोपी उसके सेल्समैन मनीष को जान से मारने की धमकी देकर ठेके से नकदी व शराब की बोतलें उठाकर ले गए हैं। इस पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना खोल में मामला दर्ज करके मामले में संलिप्त तीन आरोपी सागर उर्फ गोलू, विकास व विकास उर्फ विक्की चावड़ा को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। इस मामले में पुलिस ने हिमांशु उर्फ सोनू को भी गिरफ्तार कर लिया है।